इटारसी के केसला क्षेत्र में खेत की बटाई और 1,000 रुपये के विवाद ने हिंसक रूप लिया, देवरानी ने जेठानी का कान दांतों से काट दिया।

HighLights
- इटारसी के केसला क्षेत्र में खेत की बटाई और 1,000 रुपये का विवाद
- मारपीट के दौरान देवरानी ने जेठानी का कान दांतों से काट दिया
- घायल महिला के कान का करीब 90% हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ
नईदुनिया प्रतिनिधि, इटारसी। आदिवासी विकासखंड केसला के ग्राम पिपरिया कला गांव में खेत की बटाई और महज एक हजार रुपये के लेनदेन को लेकर हुए पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।
विवाद के दौरान गुस्साई देवरानी ने अपनी सगी जेठानी का कान दांतों से काट लिया, जिससे कान का करीब 90 प्रतिशत हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।
घायल महिला को गंभीर हालत में शासकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।
कान की होगी रिकंस्ट्रक्टिव सर्जरी
महिला का इलाज करने वाले सर्जन अनिकेत सिंह का कहना है कि महिला के कान का बाहरी हिस्सा पूरी तरह खराब हो चुका है। अब महिला के कान के पुनर्निर्माण (रिकंस्ट्रक्टिव सर्जरी) की तैयारी की जा रही है। पीड़ित महिला रवीना कासदे ने बताया कि उसके परिवार में करीब एक एकड़ खेत की बटाई को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था।
खेत तैयार कराने में उसने 1 हजार रुपये खर्च किए थे। बाद में विवाद बढ़ने पर उसने अपनी राशि वापस मांगी, लेकिन उसकी देवरानी कलाबाई ने न तो रुपये लौटाए और न ही खेत जोतने के लिए सहमति दी।
लहुलुहान हालत में लेकर पहुंचे अस्पताल
रवीना के अनुसार, विवाद के दौरान उसने गांव के सरपंच को बुलाकर न्याय की बात कही, लेकिन उनके पहुंचने से पहले ही परिवार में हुई कहासुनी मारपीट में बदल गई। जब वह घर के अंदर जाने लगी, तभी उसे खींचकर पीटा गया और उसकी देवरानी ने दांतों से उसका कान काट लिया।
घटना के बाद स्वजन लहूलुहान हालत में महिला को तत्काल शासकीय अस्पताल लेकर पहुंचे।
चिकित्सकों के अनुसार, महिला का कान गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हुआ है। उसका ऑपरेशन कर पुनर्निर्माण किया जाएगा। पीड़िता के पति मजदूरी करते हैं और उनके दो छोटे बच्चे हैं। रवीना ने केसला थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। बयान दर्ज करने के बाद आरोपित महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। दूसरे पक्ष से भी रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।- राहुल रैकवार, थाना प्रभारी, केसला
