मध्यप्रदेश के कई जिलों में झमाझम बारिश से लोगों को राहत मिली, लेकिन आकाशीय बिजली कहर बनकर टूटी। अलग-अलग जिलों में नौ लोगों की मौत हुई और छह अन्य झुलस …और पढ़ें

HighLights
- अमरकंटक में ढाई घंटे झमाझम बारिश, पार्किंग स्थल जलमग्न हुआ।
- छिंदवाड़ा में बारिश से कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी।
- अलग-अलग जिलों में आकाशीय बिजली गिरने से नौ लोगों की मौत।
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। अनूपपुर जिले के अमरकंटक में शनिवार को मानसून मेहरबान हुआ और ढाई घंटे तक झमाझम बारिश हुई। छिंदवाड़ा में करीब एक घंटे तक बारिश हुई। बालाघाट जिले के अधिकतर इलाकों में बूंदाबांदी और हल्की बारिश हुई है।
नरसिंहपुर में दोपहर 3:30 से 4 बजे तक बारिश हुई। दमोह जिले में भी हल्की बारिश हुई। अलग-अलग जिलों में आकाशीय बिजली गिरने से 9 लोगों की मौत हुई है।
अमरकंटक के रामघाट तट स्थित पार्किंग स्थल में भरा पानी
- अमरकंटक में सुबह लगभग 10:30 से दोपहर एक बजे तक करीब ढाई घंटे तेज गर्जना, गरज-चमक और हवाओं के साथ झमाझम बारिश हुई। मां नर्मदा के रामघाट तट स्थित पार्किंग स्थल में पानी लबालब भर गया, जिससे वह किसी छोटे तालाब जैसा दिखाई देने लगा।
छिंदवाड़ा में एक घंटे झमाझम बारिश, सड़कों में भरा पानी
- छिंदवाड़ा में दोपहर में मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। करीब एक से दो बजे तक एक घंटे तक जोरदार बारिश हुई। जिले में पिछले 24 घंटों के दौरान 8.9 मि.मी. औसत बारिश दर्ज की गई है। शहर में हुई पहली ही बारिश ने नगर निगम के दावों की पोल खोलकर रख दी।
- वार्ड क्रमांक 19 और 20 में कई स्थानों पर भारी जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे आम नागरिकों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
- नरसिंहपुर रोड, छोटी बाजार लालबाग जैसे इलाकों में भी जल भराव की स्थिति बनी। नरसिंहपुर जिला मुख्यालय सहित आसपास के क्षेत्रों में दोपहर करीब 3:30 बजे तेज हवाओं के साथ हुई झमाझम बारिश ने लोगों को उमस से राहत दी।
आकाशीय बिजली गिरने से 9 लोगों की मौत
- शहडोल के कोटरी गांव निवासी 68 वर्षीय फुलची बाई कोल जंगल में महुआ की डोरी बीनने गई थी। आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। जयसिंहनगर थाना क्षेत्र के गांधिया गांव में पेड़ के नीचे गिरे आम बीनने गई 11 वर्षीय प्रियांशी रैदास आकाशीय बिजली की चपेट में आ गई जिससे मौत हो गई।
- उमरिया के सिगुड़ी गांव में महुआ का फल बीनने गए गौरव (13) पुत्र राकेश प्रजापति और चंदिया क्षेत्र में प्रिंस कुशवाहा पिता सुरेंद्र कुशवाहा की बिजली गिरने से मौत हो गई।
- कटनी के थनौरा रीठी निवासी सुशीला सिंह (60) पति राजभान सिंह आम बीनने गई थी। रीवा के गोविदगढ़ थाना के शिवपुरवा चौकी क्षेत्र के ग्राम गढ़वा में सुनीता पटेल पत्नी रामानुज पटेल खेत की रखवाली कर रही थी। इसी दौरान आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई।
- अनूपपुर के ग्राम बिजौड़ी में आम बीन रहे अंश (15) पुत्र रामनरेश यादव की मौत हो गई। डिंडौरी के ग्राम दियाबार में मोहन लाल धुर्वे (38) और दमोह के नयागांव टोला में रतन (28) पुत्र रामप्रसाद आदिवासी की मौत भी गाज गिरने से हो गई, जबकि छह अन्य झुलसे गए।
