आरोपित 27 अगस्त को दो आरक्षकों के साथ बाइक से केंद्रीय जेल बड़वानी ले जाते समय बाइक से कूदकर फरार हो गया था। इस दौरान बाइक गिरने से दोनों आरक्षकों को …और पढ़ें

HighLights
- पुलिस कस्टडी से हथकड़ी समेत भागा इनामी आरोपी गिरफ्तार
- बड़वानी और खंडवा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई कर दबोचा
- ‘ऑपरेशन हवालात’ के तहत मिली सफलता, हथकड़ी भी बरामद
नईदुनिया प्रतिनिधि, बड़वानी। पुलिस अभिरक्षा से हथकड़ी सहित फरार हुए दो हजार रुपये के इनामी आरोपित शुभम मानकर को बड़वानी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित 27 अगस्त को दो आरक्षकों के साथ बाइक से केंद्रीय जेल बड़वानी ले जाते समय बाइक से कूदकर फरार हो गया था। इस दौरान बाइक गिरने से दोनों आरक्षकों को चोटें भी आई थीं।
पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन हवालात’ के तहत पुलिस ने आरोपित की तलाश तेज कर दी थी। घटना के अगले ही दिन आरोपित की गिरफ्तारी एवं सूचना देने पर दो हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
खंडवा से चढ़ा हत्थे, पुलिस ने बरामद की हथकड़ी
आरोपित की तलाश में पुलिस टीमों ने लगातार सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और संभावित ठिकानों पर दबिश दी। इसी दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपित अपने पुश्तैनी घर खंडवा में मौजूद है। सूचना मिलते ही थाना कोतवाली बड़वानी पुलिस ने कोतवाली खंडवा पुलिस की मदद से आरोपित को अभिरक्षा में लेकर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपित शुभम मानकर निवासी जुलवानिया है। आरोपित पुलिस अभिरक्षा से फरार होते समय हथकड़ी भी अपने साथ ले गया था। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हथकड़ी बरामद कर ली है। पुलिस अभिरक्षा से फरार होने के मामले में आरोपित के खिलाफ धाराएं बढ़ाकर प्रकरण दर्ज किया गया था।
