नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। जिले में समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी पूरी हो चुकी है, जिसके तहत तीन लाख 44 हजार मीट्रिक टन गेहूं खरीदा जा चुका है। इसके बाद भी 878 ऐसे किसान हैं, जिन्होंने स्लॉट तो बुक किए थे लेकिन वह गेहूं नहीं बेच सके हैं। वहीं दो हजार से अधिक किसान ऐसे हैं जिन्होंने रजिस्ट्रेशन करवाया था लेकिन वह स्लॉट ही बुक नहीं कर सके हैं। गेहूं खरीदी के बाद अब खाद्य विभाग परिवहन कर सुरक्षित जगह पर रखवा रहा है।
93 केंद्रों पर हुई गेहूं खरीदी
जानकारी के अनुसार जिले में समर्थन मूल्य दो हजार 625 रुपये पर 93 उपार्जन केंद्रों पर किसानों से गेहूं खरीदी की गई थी। इस बार गेहूं बेचने के लिए 37 हजार 407 किसानों ने रजिस्ट्रेशन करवाया था, जिनमें से सिर्फ 34 हजार 988 किसानों ने स्लॉट बुक किए थे। इनमें से 34 हजार 110 किसानों से गेहूं की खरीदी की गई है, जिससे लक्ष्य पूरा हो गया है।
किसान कर रहे गेहूं खरीदने की मांग
ऐसे में 878 किसान स्लॉट बुक करने के बाद भी अपनी उपज नहीं बेच सके हैं और दो हजार 419 किसान स्लॉट ही बुक नहीं कर सके हैं। यह किसान अब खाद्य विभाग और शासन से मांग कर रहे हैं कि उनसे समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदा जाए। जिला आपूर्ति नियंत्रक चंद्रभान सिंह जादौन ने बताया कि समर्थन मूल्य पर लक्ष्य के अनुसार किसानों से खरीदी पूरी हो गई है, अब जैसा भी निर्देश शासन का होगा उसके अनुसार ही आगे निर्णय लिया जाएगा।
फैक्ट फाइल
कुल पंजीयन – 37,407
कुल खरीदी केंद्र – 93
कुल स्लॉट – 34,988
गेहूं विक्रय किसानों की संख्या – 34,110
उपार्जित गेहूं की मात्रा – 3,44,870 मीट्रिक टन
परिवहन मात्रा – 3,34,835 मीट्रिक टन
खरीदी गई मात्रा के विरुद्ध किसानों को देय राशि – 905 (करोड़ में)
किसानों को भुगतान की गई राशि – 816 (करोड़ में)
