बीना के एक गांव में 27 वर्षीय विवाहिता अंजली साहू की संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे पर लटकी लाश मिली। पति ने पुलिस को सूचना दी, पोस्टमार्टम के बाद जांच…और पढ़ें

HighLights
- सुबह पति ने अंजली को फंदे पर लटका देखा।
- पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव अस्पताल पहुंचाया।
- मायके पक्ष ने किसी परेशानी की जानकारी होने से इनकार किया।
नईदुनिया प्रतिनिधि, बीना। एक गांव में शनिवार सुबह 27 वर्षीय विवाहिता अंजली साहू की फंदे पर लटकी हुई लाश मिलने से परिवार में मातम छा गया। घटना से कुछ समय पहले तक वह सामान्य थी। पति राहुल साहू के अनुसार सुबह पत्नी ने उसे गले लगाया और माथा चूमा।
उसके बाद वह घर की साफ-सफाई और अन्य काम में लग गई। करीब 5.30 से 6 बजे के बीच जब पति की नींद खुली तो उसने अंजली को फंदे पर लटका देखा। उसने तत्काल परिवार के अन्य सदस्यों को सूचना दी।
पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई
स्वजन की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। विवाहिता की मौत का मामला होने के कारण नायब तहसीलदार भी मौके पर पहुंचे। दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए गए। पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजनों को सौंप दिया गया।
मायके पक्ष का बयान
अंजली के मायके पक्ष के लोग टीकमगढ़ से बीना पहुंचे। पिता शिवचरण साहू ने बताया कि शादी के बाद से अंजली ने कभी किसी तरह की परेशानी या शिकायत नहीं बताई थी। उनके अनुसार पति-पत्नी के बीच संबंध अच्छे थे और दोनों के बीच प्रेम था। अंजली का चार वर्ष का एक बच्चा है। ऐसे में उसने अचानक आत्महत्या जैसा कदम क्यों उठाया, इसका कारण मायके पक्ष के लोग भी नहीं बता सके।
मामले की जांच जारी
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
