शिकायत के अनुसार, 25 मई की शाम करीब 6 बजे उनकी माता तुलसी देवी घर के बाहर बैठी थीं। इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोग गाली-गलौज करते हुए घर में घुस आए। …और पढ़ें

HighLights
- रामपुर बघेलान के कंदवा गांव में हिंसक झड़प
- घटना का वीडियो के बाद हड़कंप मच गया
- हमला करने का आरोप लगा थाने में शिकायत
नईदुनिया प्रतिनिधि, सतना। जिले के रामपुर बघेलान थाना क्षेत्र अंतर्गत कंदवा गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच तलवार, चाकू और डंडे चले, जिसमें आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए।
घटना के बाद से इलाके में हड़कंप
घटना का वीडियो मंगलवार दोपहर सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने एक पक्ष की शिकायत पर फौजी सहित पांच लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की है। वहीं दूसरे पक्ष ने भी पांच लोगों पर हमला करने का आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत दर्ज कराई है। मामले की जांच जारी है।
लंबे समय से चल रहा था जमीन विवाद
पहले पक्ष के राजकिशोर तिवारी ने बताया कि उनका परिवार गांव के ही पंकज तिवारी, मुनेंद्र तिवारी, दिनेश तिवारी और अभिषेक तिवारी के साथ लंबे समय से जमीन विवाद में उलझा हुआ है।
आरोपियों ने हमला करने का प्रयास किया
आरोप है कि एक व्यक्ति तलवार लेकर पहुंचा था, जबकि अन्य लोग डंडे और चाकू जैसे हथियारों से लैस थे।आरोपियों ने नमन तिवारी पर हमला करने का प्रयास किया। विरोध करने पर राजकिशोर तिवारी, उनकी माता और अन्य परिजनों के साथ मारपीट की गई।
धक्का-मुक्की और मारपीट की
शोर सुनकर जब परिवार के अन्य सदस्य बीच-बचाव करने पहुंचे तो उनके साथ भी धक्का-मुक्की और मारपीट की गई। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि हमलावरों ने जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर पंकज तिवारी, मनीष तिवारी, मुनेंद्र तिवारी, दिनेश तिवारी और अभिषेक तिवारी के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
