शाजापुर के निवासी युवक के साथ विवाह के नाम पर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। दरअसल, धूमधाम से हुआ विवाह 25 दिन बाद ही विवाद और तनाव में बदल गया।

HighLights
- विवाह के 25 दिन बाद खुला राज, लड़की समझकर जिससे की शादी वह किन्नर
- ससुराल वालों ने जताई शंका, सच सामने आने पर मायके वालों ने की मारपीट
- पुलिस ने मामूली धाराओं में दर्ज किया केस, धोखाधड़ी पर जांच जारी
नईदुनिया प्रतिनिधि, शाजापुर। शहर के निवासी युवक के साथ विवाह के नाम पर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। दरअसल, धूमधाम से हुआ विवाह 25 दिन बाद ही विवाद और तनाव में बदल गया। विवाह के बाद से ही पत्नी संबंध न बनाने के लिए तरह-तरह के बहाने बनाती रही, जिससे उस पर शंका हुई। पति व परिजन ने उस पर नजर रखी। जेठानी ने उसे दाढ़ी बनाते हुए देख लिया। पड़ताल करने पर पता चला कि जिससे शादी हुई वह लड़की नहीं किन्नर है।
विवाह के नाम पर धोखा होने पर लड़के पक्ष ने लड़की पक्ष के लोगों से 24 जुलाई को फोन पर बात की। कहा कि वे अपनी बेटी को ले जाएं, जिस पर दुल्हन के परिजन शाजापुर स्थित ससुराल आए। यहां उन्होंने ससुराल पक्ष के लोगों के साथ विवाद और मारपीट की। इसकी शिकायत कोतवाली थाने में पीड़ित पक्ष ने दर्ज कराई। पुलिस ने दुल्हन (किन्नर) के पिता समेत पांच लोग निवासी राजगढ़ के खिलाफ केस दर्ज किया है।
शादी में पांच लाख खर्च, एक लाख रुपये लेने का आरोप
32 वर्षीय पीड़ित युवक ने बताया कि शादी में पांच लाख रुपये खर्च हुए। साथ ही लड़की वालों ने एक लाख रुपये भी लिए थे। वे एक वर्ष बाद विवाह करना चाहते थे किंतु लड़की वालों ने जल्दबाजी की और 29 जून को पचोर के एक मंदिर में शादी की गई।
हाव-भाव और पुरुषों की तरह बाल मिले
दुल्हन द्वारा विवाह के 25 दिन बाद तक बहाने बनाकर संबंध बनाने से इन्कार करने पर दूल्हे सहित परिजन को शंका हुई। उन्होंने उस पर नजर रखी। घर की महिलाओं ने देखा कि दुल्हन के शरीर पर पुरुषों की तरह बाल हैं। हाव-भाव भी उसके लड़की जैसे नहीं थे। इस पर महिलाओं ने सख्ती दिखाई और पड़ताल की तो हकीकत सामने आई।
