हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और मलबे में दबे मजदूरों को निकालने का रेस्क्यू शुरू किया। हादसे में दो मजदूरों को गंभीर चोटे…और पढ़ें

HighLights
- शहडोल में निर्माणाधीन बिल्डिंग की छत ढही
- अचानक सेन्ट्रिंग का सामने का हिस्सा
- भरभराकर बैठने से मलबे में दबे मजदूर
नईदुनिया प्रतिनिधि,शहडोल। जिला मुख्यालय के वार्ड क्रमांक 28, सौखी मोहल्ला में शनिवार को एक निर्माणाधीन मकान की छत गिरने से तीन मजदूर घायल हो गए, जिनमें से 2 की हालत गंभीर बताई जा रही है।यह निर्माण धनपुरी निवासी मयंक अग्रवाल एवं अग्रवाल बंधुओं के द्वारा कराया जा रहा है और वहीं इस भवन के मालिक है। निर्माण कार्य शहडोल-बुढार मार्ग पर क्रिश्चियन हास्पिटल के पीछे साईं आईटीआई रोड पर चल रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मकान की दूसरी मंजिल की छत की ढलाई का काम चल रहा था। मिक्सर मशीन चालू थी और मजदूर काम में जुटे थे। तभी अचानक एक जोरदार आवाज के साथ सेन्ट्रिंग का सामने का हिस्सा भरभराकर बैठ गया और पूरी छत नीचे आ गिरी।जब तक मजदूर कुछ समझ पाते, तब तक वे सभी मलबे के साथ नीचे आ गिरे। घटना के बाद पूरे इलाके में चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और मलबे में दबे मजदूरों को निकालने का रेस्क्यू शुरू किया। हादसे में दो मजदूरों को गंभीर चोटें आई हैं जबकि एक मजदूर को हल्की चोटें आई हैं। सभी घायलों को तुरंत आदित्य हास्पिटल में भर्ती कराया गया है,जहां डाक्टरों की टीम उनका उपचार कर रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह कमजोर सेन्ट्रिंग या ढलाई के दौरान अत्यधिक भार माना जा रहा है। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए हैं। प्रशासन ने निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों की अनदेखी के बिंदुओं पर भी जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय निवासियों ने कहा कि शहर में कई निर्माण साइटों पर सुरक्षा के इंतजाम नहीं हैं। ऐसे हादसों को रोकने के लिए सख्त कार्रवाई जरूरी है।कोतवाली थाना प्रभारी राघवेंद्र तिवारी ने बताया कि निर्माणाधीन भवन की छत गिरी है और तीन मजदूर घायल हुए जिंहे तत्काल अस्पताल पहुंचा दिया गया है।उपचार चल रहा है और आगे की जांच भी चल रही है कि घटना कैसे हुई।साथ घटना स्थल पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है,ताकि सुरक्षा मजबूत हो।
