यह सुविधा जबलपुर प्रधान डाकघर, कटनी प्रधान डाकघर, जबलपुर सिटी डाकघर, गढ़ा एमडीजी तथा सिहोरा एमडीजी में उपलब्ध रहेगी।

HighLights
- राखी बुकिंग के लिए बनाए गए स्पेशल काउंटर
- देश के साथ-साथ विदेशी भाइयों के लिए भी राखियां
- अधिक सुगम और व्यवस्था के लिए विशेष इंतजाम
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। रक्षाबंधन पर्व के लिए डाक विभाग जबलपुर संभाग ने बहनों की सुविधा के लिए विशेष राखी बुकिंग काउंटर शुरू किए हैं। इन काउंटरों के माध्यम से देश के साथ-साथ विदेशों में रहने वाले भाइयों के लिए भी राखियां सुरक्षित और समय पर भेजी जा सकेंगी।
अंतरराष्ट्रीय राखी डाक की बुकिंग की व्यवस्था भी
विभाग ने अंतरराष्ट्रीय राखी डाक की बुकिंग की व्यवस्था भी की है। राखी बुकिंग के लिए विशेष काउंटर प्रतिदिन सुबह छह बजे से रात आठ बजे तक संचालित किए जाएंगे।
नागरिकों को नहीं करनी पड़ेगी लंबी प्रतीक्षा
डाक विभाग ने रक्षाबंधन के दौरान डाक सेवाओं को अधिक सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। राखियों की शीघ्र बुकिंग और त्वरित प्रेषण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से डाकघरों में अलग से विशेष काउंटर बनाए गए हैं, ताकि नागरिकों को लंबी प्रतीक्षा न करनी पड़े।
विशेष राखी पोस्ट पेटियां भी लगाई गई
डाकघरों में रंग-बिरंगी विशेष राखी पोस्ट पेटियां भी लगाई गई हैं, जिनमें बहनें अपनी राखियां डाल सकेंगी। इन पेटियों में प्राप्त राखियों की अलग से छंटाई कर उन्हें प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र गंतव्य तक भेजा जाएगा, जिससे वे समय पर अपने भाइयों तक पहुंच सकें।
समय रहते अपनी राखियों की बुकिंग कराएं
डाक विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि रक्षाबंधन के निकट डाकघरों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए वे समय रहते अपनी राखियों की बुकिंग कराएं। इससे राखियां सुरक्षित एवं निर्धारित समय पर अपने प्रियजनों तक पहुंच सकेंगी और रक्षाबंधन का पावन पर्व उल्लासपूर्वक मनाया जा सकेगा।
