प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पिस्टल लोडेड थी। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि पिस्टल किसकी है, वह मोपेड की डिक्की में कैसे पहुंचा और उसका लाइस …और पढ़ें

HighLights
- दोस्त का दोपहिया वाहन लेकर गया।
- गैस सिलिंडर भरवाने गया था युवक।
- गढ़ा पुलिस ने हथियार जब्त किया।
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। गढ़ा थाना क्षेत्र के कृपाल चौक में शनिवार दोपहर हैरान कर देने वाली घटना सामने आई, जब मोपेड की डिक्की में रखी पिस्टल उठाने के दौरान अचानक गोली चल गई और एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को तत्काल नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कालेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
कृपाल चौक निवासी शुभम ठाकुर (20) के घर का गैस सिलेंडर खत्म हो गया था। सिलिंडर भरवाने के लिए उसने अपने दोस्त की मोपेड उधार ली थी। घर पहुंचने के बाद जब वह गैस एजेंसी की पासबुक रखने के लिए मोपेड की डिक्की खोल रहा था, तभी उसे अंदर एक पिस्टल दिखाई दी।
अचानक हथियार देखकर वह घबरा गया और उसे सुरक्षित स्थान पर रखने के उद्देश्य से निकालने लगा। इसी दौरान हड़बड़ाहट में उसका हाथ ट्रिगर पर पड़ गया और पिस्टल से गोली चल गई। गोली सीधे उसके हाथ में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ा।
गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग दहशत में आ गए और मौके पर पहुंचकर स्वजन की मदद से उसे तत्काल मेडिकल अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की सूचना मिलते ही गढ़ा थाना पुलिस अस्पताल पहुंची, लेकिन युवक की गंभीर स्थिति होने से बयान दर्ज नहीं हो सके। पुलिस ने मौके से पिस्टल जब्त कर ली है और जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पिस्टल लोडेड थी। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि पिस्टल किसकी है, वह मोपेड की डिक्की में कैसे पहुंचा और उसका लाइसेंस है या नहीं। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।
