मुरैना जिले के कैलारस बस स्टैंड पर शुक्रवार-शनिवार की रात राघव मोबाइल, सचिन शर्मा, राघवेंद्र शर्मा और कुलदीप शर्मा की दुकानों में अचानक आग लग गई।

HighLights
- रात करीब 12 बजे आग लगी और धीरे-धीरे चारों दुकानों को चपेट में ले लिया
- अंदर रखे महंगे मोबाइल और मशीनें भी जलकर राख हो गईं
- पुलिस और फायर टीम मौके पर पहुंची, आग बुझाने में करीब 2 घंटे लगे
नईदुनिया, न्यूज मुरैना। कैलारस के बस स्टैंड स्थित चार दुकानों में शुक्रवार शनिवार की रात को भीषण आग लग गई। सभी चारों दुकानें मोबाइलों की है, जिसमें महंगे मोबाइल एवं मशीने रखी हुई थी। आग से लगभग 40 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया गया है। फायरब्रिगेड ने आग पर काबू पाया।
जानकारी के मुताबिक़ बस स्टैंड स्थित राघव मोबाइल, सचिन शर्मा, राघवेंद्र शर्मा, कुलदीप शर्मा की मोबाइल की दुकानें है। रात 12 बजे किसी दुकान में अचानक आग लगी और चारों दुकानों को चपेट में ले लिया। आग भीतर ही भीतर सुलगती रही। बाद में जब धुआं बाहर आया तो वहां पर कुछ लोगों ने देखा और तुरंत फायरब्रिगेड को सूचना दी।
दो घंटे की मशक्कत के बाद बुझी आग
पुलिस एवं फायरब्रिगेड मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास किया। आग को बुझाना शीघ्र संभव नहीं हुआ। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। तब तक सभी चारों दुकानों का सामान जलकर राख हो गया।
आग की भयानकता इसी बात से लगाई जा सकती है कि यह सभी चारों दुकान नगर परिषद केलारस द्वारा बनाई गई थी जिनकी छत भी नीचे झुक गई है। मौके पर सुबह हल्का कैलारस के पटवारी सुरेन्द्र मीणा ने पंचनामा बनाया और नुकसान का आंकलन किया।
