मां-बाप ने आंखों के सामने अपने बेटे को डूबते देखा तो शोर मचाया, लेकिन जब तक नगर निगम के गोताखोर वहां पहुंचे और उसे बाहर निकालकर अस्पताल भिजवाया, तब तक …और पढ़ें

HighLights
- नीलम पार्क की सीढ़ियों पर नहा रहे थे परिवार के लोग
- नहाने के दौरान पैर फिसलने से गहरे पानी में चला गया
- तालाब में नहा रहा बेटा मां-बाप की आंखों के सामने डूबा
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। छोटे तालाब में शनिवार दोपहर नहाने के दौरान एक 18 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब युवक अपने माता-पिता और भाई के साथ नीलम पार्क के पास तालाब की सीढ़ियों पर नहा रहा था। सीढ़ियों पर अचानक पैर फिसलने से गिरकर वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया।
मां-बाप ने आंखों के सामने अपने बेटे को डूबते देखा तो शोर मचाया, लेकिन जब तक नगर निगम के गोताखोर वहां पहुंचे और उसे बाहर निकालकर अस्पताल भिजवाया, तब तक उसकी मौत हो गई।
परिवार के साथ गया था तालाब
जहांगीराबाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार जोगीपुरा निवासी अनस कुरैशी अपने परिवार के साथ मजदूरी का काम करता था। शनिवार दोपहर करीब डेढ़ बजे वह अपने पिता सोहेल, मां रेशमा और भाई के साथ जहांगीराबाद चौराहे के पास स्थित नीलम पार्क क्षेत्र में नहाने गया था।
पैर फिसलने से गहरे पानी में गया युवक
परिवार के सदस्य तालाब की सीढ़ियों के पास पानी में थे। इसी दौरान अनस का पैर अचानक फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। युवक को डूबता देख उसके माता-पिता, भाई और आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया तथा उसे बचाने का प्रयास किया।
सूचना मिलते ही स्थानीय गोताखोर और पुलिस मौके पर पहुंची। कुछ समय की मशक्कत के बाद गोताखोरों ने अनस को पानी से बाहर निकाला और तत्काल उपचार के लिए हमीदिया अस्पताल पहुंचाया। हालांकि अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
