नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। शहर के कोहेफिजा स्थित पुराना सचिवालय (ओल्ड सेक्रेटिएट) परिसर को नए प्रशासनिक कॉरिडोर के रूप में विकसित करने की दिशा में काम तेज हो गया है। संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने सोमवार को री-डेंसिफिकेशन परियोजना की समीक्षा बैठक में निर्देश दिए कि परिसर में संचालित सभी शासकीय कार्यालयों की शिफ्टिंग 10 अगस्त तक हर हाल में पूरी कराई जाए, ताकि निर्माण कार्य समय पर शुरू किया जा सके।
बैठक में संयुक्त आयुक्त डॉ. विनोद यादव, डीआईजी देहात राजेश सिंह चंदेल, एडीएम पीसी शाक्य सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
विभागों को 10 अगस्त तक वैकल्पिक स्थानों पर स्थानांतरित किया जाए
संभागायुक्त ने कहा कि परिसर में संचालित कलेक्ट्रेट के अभिलेखागार, अधिवक्ता हाल, न्यायालय, पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) कार्यालय, साइबर सेल व अन्य विभागों को 10 अगस्त तक वैकल्पिक स्थानों पर स्थानांतरित किया जाए। उन्होंने तहसील हुजूर और तहसील बैरागढ़ शहर को भी नए भवनों में शीघ्र स्थानांतरित करने के लिए अधिकारियों से कहा है।
अधिकारियों ने बताया कि महिला एवं बाल विकास, कृषि, श्रम तथा अनुसूचित जाति एवं जनजाति विभाग के कार्यालय पहले ही नए स्थानों पर शिफ्ट किए जा चुके हैं।
जी-7 मंजिला कंपोजिट भवनों का होगा निर्माण
री-डेंसिफिकेशन परियोजना के तहत अब कोहेफिजा स्थित पुराना सचिवालय परिसर में ही नया प्रशासनिक कारिडोर विकसित किया जाएगा। यहां कलेक्टर कार्यालय, संभागायुक्त कार्यालय और आइजी कार्यालय एक ही परिसर में संचालित होंगे। मध्यप्रदेश हाउसिंग बोर्ड ने इसके निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।
नई परियोजना के तहत जी 7 मंजिला कंपोजिट ऑफिस भवन का निर्माण किया जाएगा। इसके साथ जी 2 मल्टीलेवल पार्किंग, 80 ईसीएस क्षमता की पार्किंग व्यवस्था, बिजली सब-स्टेशन, संप वेल तथा सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट जैसी आधुनिक आधारभूत सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी।
इससे प्रशासनिक विभाग एक ही परिसर में संचालित होने से आम नागरिकों को विभिन्न कार्यालयों के बीच भटकना नहीं पड़ेगा और प्रशासनिक कार्यों में भी बेहतर समन्वय स्थापित होगा।
एक नजर में परियोजना
परियोजना की लागत : 217.96 करोड़ रुपये अनुमानित
डेवलपर को मिलेगी : 3.36 हेक्टेयर कंपंसेटरी लैंड पार्सल (सीएलपी)
भूमि उपयोग : मिश्रित (रेसीडेंशियल एवं कमर्शियल हाईराइज विकास)
भूमि का अनुमानित मूल्य : 256.92 करोड़ रुपये
नया परिसर : कलेक्ट्रेट, संभागायुक्त और आइजी कार्यालय एक ही कैंपस में
अन्य सुविधाएं : जी-2 मल्टीलेवल पार्किंग, बिजली सब-स्टेशन, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट और आधुनिक आधारभूत संरचना।
यह भी पढ़ें- फर्जी मेडिकल क्लेम, लाखों की वसूली और फिर प्रमोशन! मध्य प्रदेश पुलिस मुख्यालय की पदोन्नति प्रक्रिया पर उठे गंभीर सवाल
