भोपाल के रातीबड़ क्षेत्र में सरकारी स्कूल के कर्मचारी भावेश पटेल ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। …और पढ़ें

HighLights
- पत्नी बच्चों संग इंदौर मायके गई थी
- स्वजन पहुंचे तब तक हो चुकी थी मौत
- पुलिस को मौके से सुसाइड नोट नहीं मिला
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। रातीबड़ क्षेत्र में एक सरकारी स्कूल के कर्मचारी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्मघाती कदम उठाने से पहले उसने इंदौर में मायके गई अपनी पत्नी को वीडियो कॉल कर फांसी का फंदा दिखाया और जान देने की बात कही। सूचना मिलने पर स्वजन तुरंत घर पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
वीडियो कॉल के बाद मची अफरा-तफरी
पुलिस के अनुसार नीलबड़ निवासी 32 वर्षीय भावेश पटेल नाथूबरखेड़ा स्थित एक सरकारी स्कूल में प्यून के पद पर कार्यरत था। बीते कुछ दिनों से उसका पत्नी से विवाद चल रहा था। झगड़े के बाद उसकी पत्नी दोनों बच्चों को लेकर इंदौर स्थित मायके चली गई थी। गुरुवार देर रात भावेश ने पत्नी को वीडियो कॉल किया। बातचीत के दौरान उसने फांसी का फंदा दिखाते हुए आत्महत्या करने की बात कही। घबराई पत्नी ने तुरंत अपने देवर और अन्य स्वजनों को घटना की जानकारी दी।
दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंचे स्वजन
सूचना मिलने पर स्वजन तुरंत भावेश के घर पहुंचे। घर का मुख्य दरवाजा अंदर से बंद था। काफी प्रयास के बाद दरवाजा खोला गया तो भावेश कमरे में फंदे से लटका मिला। स्वजन उसे तुरंत नीचे उतारकर अस्पताल ले जाने की तैयारी करने लगे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
पुलिस जांच में जुटी
रातीबड़ पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। प्रारंभिक जांच में पत्नी से विवाद की बात सामने आई है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। मृतक अपने पीछे पत्नी, पांच वर्षीय बेटे और एक वर्षीय बेटी को छोड़ गया है।
