भोपाल में क्रिकेट खेलने के दौरान हुए विवाद की रंजिश में नौवीं कक्षा के छात्र अरहान अली पर हमला किया गया।

HighLights
- 15 वर्षीय अरहान अली नौवीं कक्षा का छात्र
- दोनों हाथों पर चाकू से गंभीर चोटें आईं
- फाजिल और साथियों पर हमले का आरोप
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। क्रिकेट खेलने के दौरान हुए विवाद की रंजिश में नौवीं कक्षा के एक छात्र पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में छात्र के दोनों हाथों पर गंभीर चोटें आई हैं। घायल छात्र का अस्पताल में उपचार जारी है, जबकि घटना के बाद आरोपित फरार हो गए।
एक माह पहले हुआ था विवाद
जानकारी के अनुसार मेघवारपुरा निवासी 15 वर्षीय अरहान अली नौवीं कक्षा का छात्र है। करीब एक माह पहले क्रिकेट खेलने के दौरान उसका मोहम्मदी मस्जिद क्षेत्र में रहने वाले फाजिल और उसके साथियों से विवाद हुआ था।इसके बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ था। स्वजनों के अनुसार विवाद के बाद आरोपित एक बार अरहान के घर भी पहुंचे थे।
पुराने सुल्तानिया अस्पताल क्षेत्र में हमला
बुधवार को आरोपितों ने अरहान को बातचीत के बहाने बुलाया। जब वह पुराने सुल्तानिया अस्पताल क्षेत्र के पास पहुंचा तो वहां पहले से मौजूद फाजिल और उसके साथियों ने उस पर हमला कर दिया। आरोप है कि बदला लेने की नीयत से आरोपितों ने चाकू निकाले और छात्र के दोनों हाथों पर कई वार किए। हमले में घायल अरहान को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपितों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
