आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए एसपी आशुतोष बागरी ने विशेष दल गठित किया है। उन्होंने कहा है कि अवैध हथियारों का नेटवर्क तोड़ने के लिए लगातार अभियान चलाया …और पढ़ें

HighLights
- पाचोरी में अवैध हथियारों की फैक्ट्री का भांडाफोड़, औजार जब्त।
- नेपानगर में पिस्टल के साथ पकड़े गए युवक से मिला था सुराग।
- पुलिस कार्रवाई में लोगों को भड़काने का कार्य किया जा रहा है।
नईदुनिया प्रतिनिधि, बुरहानपुर। पुलिस ने खकनार थाना क्षेत्र के पाचोरी गांव के जंगल में चल रही अवैध हथियार बनाने वाली एक फैक्ट्री का भांडाफोड़ किया है। इस फैक्ट्री में देसी पिस्टल बनाने वाले अजीत सिंग व ठाकुर मौके से फरार होने में सफल रहे, लेकिन पुलिस ने हथियार बनाने में उपयोग होने वाले औजार, एक अर्ध निर्मित देसी पिस्टल, दो मैग्जीन व एक बैरल बरामद किया है।
आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए एसपी आशुतोष बागरी ने विशेष दल गठित किया है। उन्होंने कहा है कि अवैध हथियारों का नेटवर्क तोड़ने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
फरार आरोपितों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा। कुछ अवैध हथियार तस्करों द्वारा पुलिस की कार्रवाई के दौरान लोगों को भड़काने का कार्य किया जा रहा है। जिससे भीड़ पुलिस कार्रवाई में बाधा उत्पन्न करें। जो व्यक्ति इस प्रकार की गतिविधि में संलिप्त पाया जाएगा उसके विरुद्ध भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
थाना प्रभारी खकनार अभिषेक जाधव ने बताया कि गत दो जून को नेपानगर थाना प्रभारी ज्ञानू जायसवाल ने ई-टाइप निवासी बंटी उर्फ ब्रजेश दावरे की कार क्रमांक एमपी 43 सी 4256 से एक देसी पिस्टल व चाकू बरामद किया था।
बाद में उसकी निशानदेही पर एक और पिस्टल व चार कारतूस बरामद किए थे। पुलिस ने जब उससे हथियार सप्लायर के संबंध में पूछताछ की तो इस अवैध फैक्ट्री का पता चला।
इसके बाद एसपी ने खकनार और नेपानगर थाने की संयुक्त टीम गठित कर छापा मारने भेजा था। इस कार्रवाई में दोनों थानों के प्रभारी के अलावा एसआई कलीराम मौर्य, प्रधान आरक्षक गजेन्द्र रावत, सतीष सुर्यवंशी, आरक्षक सुनील धुर्वे, नीरज दांगी का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
