फार्मासिस्ट एसोसिएशन ने 10 जून 2026 के केंद्र सरकार के राजपत्र में अधिसूचित नए भर्ती एवं सेवा नियम मप्र में लागू करने की मांग की।

HighLights
- नए नियम लागू करने की मांग
- कैडर और ग्रेड पे पर जोर
- प्रमुख सचिव के साथ होगी अगली बैठक
डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश में कार्यरत फार्मासिस्टों की विभिन्न मांगों के निराकरण को लेकर भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध स्टेट फार्मासिस्ट एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को मंत्रालय (वल्लभ भवन) में उपमुख्यमंत्री डॉ. राजेंद्र शुक्ल से मुलाकात की।
प्रतिनिधिमंडल ने फार्मासिस्टों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करते हुए भारत सरकार के 10 जून 2026 के राजपत्र में अधिसूचित फार्मासिस्ट भर्ती, सेवा एवं विनियम के नए प्रावधानों को मध्य प्रदेश में जल्द लागू करने की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने उपमुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर कहा कि नए नियमों को प्रदेश में लागू करने से फार्मासिस्टों के कैडर का पुनर्गठन, पदोन्नति के अवसरों में सुधार और सेवा शर्तों को बेहतर करने में मदद मिलेगी। साथ ही इससे शासकीय स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में भी सुधार होने की उम्मीद है।
ग्रेड पे और पदनाम बदलने का मुद्दा भी उठा
बैठक में फार्मासिस्टों के ग्रेड पे उन्नयन, पदनाम को फार्मेसी ऑफिसर किए जाने और फार्मेसी से जुड़े अन्य विषयों पर भी चर्चा हुई। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा ग्रेड पे उन्नयन को लेकर विभागीय स्तर पर निर्णय लिया जा चुका है। अब इन विषयों पर आगे की प्रक्रिया तेज करने की मांग की गई।
प्रमुख सचिव की मौजूदगी में होगी अगली बैठक
प्रतिनिधिमंडल के अनुसार उपमुख्यमंत्री डॉ. राजेंद्र शुक्ल ने सभी मांगों को गंभीरता से सुना। उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा जारी राजपत्रित नियमों का अध्ययन कर उन्हें प्रदेश में लागू करने की संभावनाओं पर चर्चा के लिए विभाग के प्रमुख सचिव की मौजूदगी में अगली बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए।
इन मांगों पर हुई चर्चा
-केंद्र के नए फार्मासिस्ट भर्ती, सेवा एवं विनियम को मप्र में लागू करना।
-फार्मासिस्ट कैडर का पुनर्गठन और पदोन्नति की व्यवस्था में सुधार।
-ग्रेड पे उन्नयन और पदनाम फार्मेसी ऑफिसर करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाना।
-फार्मासिस्टों की सेवा शर्तों में सुधार और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने से जुड़े विषयों का निराकरण।
प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व भारतीय मजदूर संघ मध्य प्रदेश के प्रदेश महामंत्री कुलदीप सिंह गुर्जरऔर प्रदेश मंत्री तथा स्टेट फार्मासिस्ट एसोसिएशन के प्रदेश संयोजक राजन नायरने किया। इस दौरान एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह कुशवाहा, प्रदेश महामंत्री चंद्रकांत सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
