सिहोरा थाना क्षेत्र के गढ़िया मोहल्ला में घरेलू विवाद के दौरान एक युवक ने अपनी मां की हत्या कर दी। घटना सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात करीब तीन बजे की …और पढ़ें

HighLights
- नशे में धुत बेटे ने मां पर टेबल फैन से किया हमला
- पत्नी से विवाद के बाद बीच-बचाव करने आई मां को मारा
- मौके पर ही मौत हो गई और आरोपी फरार हो गया
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। सिहोरा थाना क्षेत्र के गढ़िया मोहल्ला में घरेलू विवाद के दौरान एक युवक ने अपनी मां की हत्या कर दी। घटना सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात करीब तीन बजे की बताई जा रही है। वारदात के बाद आरोपित फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
शराब के नशे में पत्नी से हुआ था विवाद
पुलिस के अनुसार वार्ड नंबर-7 निवासी करण कोल सोमवार देर रात घर पहुंचा। वह शराब के नशे में था। घर आने के बाद उसने पत्नी कांति बाई कोल से खाना बनाने के लिए कहा। पत्नी द्वारा देर रात होने की बात कहकर मना करने पर वह नाराज हो गया और उसके साथ मारपीट करने लगा।
बीच-बचाव करने पहुंची मां पर भड़का बेटा
शोर सुनकर पास के कमरे में सो रही उसकी मां गिरानी बाई कोल (65) बाहर आईं। उन्होंने बेटे को शांत रहने और सोने के लिए कहा। इस दौरान मां-बेटे के बीच विवाद शुरू हो गया। बताया जा रहा है कि गिरानी बाई काफी देर तक बेटे को समझाती रहीं, लेकिन वह गाली-गलौज करता रहा। बाद में मां ने उसे घर से बाहर जाने के लिए कहा, जिससे वह और अधिक भड़क गया।
टेबल फैन से किया हमला
विवाद बढ़ने पर आरोपी ने पास में रखा टेबल फैन उठाकर मां के सिर पर हमला कर दिया। इसके बाद भी वह लगातार मारपीट करता रहा। बीच-बचाव करने पहुंची पत्नी के साथ भी आरोपी ने मारपीट की। हमले में गिरानी बाई के सिर, हाथ और सीने में गंभीर चोटें आईं, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़ीं। वारदात के बाद आरोपी घर से फरार हो गया।
बड़े बेटे ने पहुंचाया अस्पताल
घटना की जानकारी कांति बाई ने मृतका के बड़े बेटे दशरथ को दी, जो पास में ही रहता है। सूचना मिलने पर वह मौके पर पहुंचा और मां को गंभीर हालत में सिहोरा स्वास्थ्य केंद्र लेकर गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित
एएसपी सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि पति-पत्नी के बीच विवाद के दौरान मां बीच-बचाव करने पहुंची थीं। इसी दौरान आरोपी बेटे ने टेबल फैन से हमला कर उनकी हत्या कर दी। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है और उसकी तलाश जारी है।
