10 मई को जौरा के फर्नीचर व्यवसायी रमेश उर्फ पप्पू शिवहरे को एसी व फर्नीचर लगवाने के बहाने सोनम कुशवाह ने अपनी दोस्त के घर बुलाया और कमरे में व्यवसायी …और पढ़ें

HighLights
- फर्नीचर कारोबारी रमेश उर्फ पप्पू शिवहरे से ऐंठे थे रुपए और गहने
- सोशल मीडिया पर बड़े नेताओं के साथ फोटो डाल रचती थी जाल
- बुजुर्ग को फंसाकर जमीन भी करा चुकी है नाम
नईदुनिया प्रतिनिधि, जौरा। मुरैना जिले के जौरा के फर्नीचर व्यवसायी को हनीट्रैप में फंसाने वाली सोनम कुशवाह को शुक्रवार को पुलिस ने पकड़ लिया। इस शातिर महिला से पुलिस ने फर्नीचर व्यवसायी की सोने की अंगूठी व पांच हजार रुपये भी बरामद कर लिए हैं।
समाजसेवा की आंड में फंसाती थी पैसे वालों को
अगरौता गांव निवासी सोनम कुशवाह फेसबुक पर मंत्री, सांसद, विधायकों के साथ फोटो डालती थी और खुद को भाजपा नेत्री बताती है। समाजसेवा की आड़ में वह पैसे वालों लोगों को अपने जाल में फंसाती है, उनके अश्लील वीडियो व फोटो बनाकर ब्लैकमेल करती है। 10 मई को जौरा के फर्नीचर व्यवसायी रमेश उर्फ पप्पू शिवहरे को एसी व फर्नीचर लगवाने के बहाने सोनम कुशवाह ने अपनी दोस्त के घर बुलाया।
तीन साथी के साथ मिलकर व्यवसायी की मारपीट की
वहां अपने साथी गजेंद्र कुशवाह, सचिन कुशवाह व मीरा कुशवाह के साथ मिलकर फर्नीचर व्यवसायी को कमरे में बंद कर मारपीट की, जान से मारने की धमकी देकर अश्लील वीडियो बनाए और फिर 10 लाख रुपये की मांग करने लगी। बाद में सोने की अंगूठी व पांच हजार रुपये लेकर फर्नीचर व्यवसायी को छोड़ा। जौरा पुलिस ने एफआइआर दर्ज की, लेकिन तभी से सोनम कुशवाह फरार थी।
इससे पहले माता बसैया क्षेत्र के 60 वर्षीय शंकर पुत्र सुमेर सिंह कुशवाह को भी सोनम कुशवाह अपने साथी रामपुर खेड़ा मेवदा के जितेंद्र पुत्र रोशन कुशवाह, पप्पू पुत्र बदन सिंह कुशवाह के साथ मिलकर हनीट्रैप में फंसाकर उसकी जमीन अपने नाम लिखवा ली थी।
इसका अपराध भी माता बसैया थाने में दर्ज है। बीते दिनों सोनम कुशवाह का एक आडियो प्रसारित हुआ, जिसमें वह अपनी महिला साथी के साथ किसी को फंसाने का षडयंत्र रच रही है। जौरा थाने के एएसआइ जेपी शर्मा ने बताया कि आरोपी सोनम कुशवाह बस में बैठकर कैलारस की ओर जा रही थी। सूचना मिलने पर रास्ते में बस रुकवाकर उसे गिरफ्तार किया है। कोर्ट ने सोनम कुशवाह को जेल भेज दिया है।
