परिजनों ने एक ट्रैक्टर के सामने आने की आशंका जताई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर संदिग्ध वाहन की तलाश कर रही है। …और पढ़ें

HighLights
- डोंगरगांव थाना क्षेत्र के सीतारेवा नदी के पास हुआ हादसा
- हरोबाई बाजार से घरेलू सामान लेकर अपने घर लौट रही थीं
- महिला बांदरबारू ग्राम पंचायत छेनाकछार की रहने वाली थी
नईदुनिया प्रतिनिधि, नरसिंहपुर। जिले के डोंगरगांव में दर्दनाक सड़क हादसे में एक बुजुर्ग महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना कालदाऊ घाट स्थित सीतारेवा नदी के पास की है, जहां एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने महिला को टक्कर मार दी।
घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया
महिला की पहचान हरोबाई पति मूलचंद्र अहिरवार निवासी बांदरबारू ग्राम पंचायत छेनाकछार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि हरोबाई बाजार से घरेलू सामान लेकर अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान कालदाऊ घाट के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आने से उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
शव के पास पड़ा मिला राशन, ट्रैक्टर पर संदेह
घटना की सूचना मिलते ही डोंगरगांव पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल से सामान भी बरामद हुआ है।
डोंगरगांव थाना प्रभारी प्रकाश पाठक ने बताया कि, महिला बाजार से खाने का तेल लेकर आ रही थीं, जो शव के पास ही बिखरा मिला है। परिजनों ने एक ट्रैक्टर के सामने आने की आशंका जताई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर संदिग्ध वाहन की तलाश कर रही है।
परिजन जता रहे विरोध, जांच में जुटी पुलिस
थाना प्रभारी के अनुसार, दुर्घटना सुबह के वक्त हुई और फिलहाल टक्कर मारने वाला वाहन अज्ञात है। पुलिस ने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए मामला दर्ज करने और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की बात कही है, लेकिन नाराज परिजन फिलहाल मौके से शव उठाने को तैयार नहीं हैं। पुलिस अधिकारियों द्वारा समझाइश दी जा रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
