विवाद बढ़ने पर छात्र ने शिक्षिका का हाथ पकड़कर मरोड़ दिया। घटना के बाद छात्र मौके से भाग गया। परीक्षा केंद्र में नकल रोकने और अनुशासन बनाए रखने की जिम…और पढ़ें

HighLights
- जेयू के फार्मेसी विभाग में नकल का खेल!
- पर्चियां बिजली बोर्ड और शौचालय में
- रोकने पर शिक्षिका का हाथ मरोड़ा
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। जीवाजी विश्वविद्यालय के फार्मेसी विभाग में चल रही परीक्षाओं की व्यवस्था सवालों के घेरे में आ गई है। परीक्षा केंद्र पर खुलेआम नकल किए जाने के आरोप सामने आए हैं। स्थिति यह है कि परीक्षा के दौरान बिजली के बोर्ड से लेकर शौचालय तक नकल की पर्चियां मिलने की बात और फोटो सामने आए हैं। नकल रोकने की कोशिश करने पर एक छात्र ने ड्यूटी कर रही महिला शिक्षिका से अभद्रता कर दी।
विवाद बढ़ने पर छात्र ने शिक्षिका का हाथ पकड़कर मरोड़ दिया। घटना के बाद छात्र मौके से भाग गया। परीक्षा केंद्र में नकल रोकने और अनुशासन बनाए रखने की जिम्मेदारी संभाल रहे शिक्षकों के सामने छात्रों के इस रवैये ने विश्वविद्यालय की परीक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
इस मामले को लेकर विभाग के अधिकारी जब कुलगुरू को पास पहुंचे तो उन्हें आश्वासन देकर रवाना कर दिया गया, इसके अलावा न तो कोई कार्रवाई हुई और न ही व्यवस्थाओं को सुधारने का कोई प्रयास हुआ।
वहीं जब प्रबंधन से पक्ष मांगने का प्रयास किया तो न तो कुलगुरु प्रो राजकुमार आचार्य ने फाेन उठाया और न ही कुलसचिव राजीव मिश्रा ने। आरोप है कि विवाद करने वाले छात्र एबीवीपी के जुडे हुए हैं।
नकल रोकने पर शिक्षिका से अभद्रता
- जानकारी के अनुसार बीफार्मा की परीक्षा के दौरान ड्यूटी पर तैनात महिला शिक्षिका ने एक छात्र निखिल कुशवाह को टेबल पर हाथ पर जवाब लिखकर नकल करते देखा।
- जब उसे रोकने का प्रयास किया तो इसी बात को लेकर छात्र शिक्षिका से बहस करने लगा। मामला इतना बढ़ गया कि छात्र ने शिक्षिका के साथ अभद्र व्यवहार किया, आराेप यह भी है कि छात्र ने उनका हाथ पकड़कर मरोड़ दिया।
- घटना के बाद परीक्षा केंद्र में हड़कंप की स्थिति बन गई। विवाद बढ़ता देख संबंधित छात्र मौके से भाग गया।
- परीक्षा ड्यूटी में तैनात महिला शिक्षक के साथ इस तरह का व्यवहार विश्वविद्यालय की परीक्षा व्यवस्था और शिक्षकों की सुरक्षा दोनों पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
‘मुझे नहीं रोक सकते, कुलगुरू से कहलवा दूं?’
- इसी परीक्षा के दौरान नकल को लेकर एक अन्य छात्र सौरभ का कथित दबंग रवैया भी सामने आया।वह परीक्षा में मोबाइल रखकर नकल कर रहा था।
- जब उसे ऐसा करने से रोकने पर छात्र ने कथित तौर पर परीक्षा ड्यूटी में तैनात शिक्षक से कहा “मुझे नहीं रोक सकते, कहो तो कुलगुरू से कहलवा दूं कि मुझे नकल करने से ना रोका जाए।”
- छात्र के इस कथित बयान ने परीक्षा केंद्र की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
- यदि कोई छात्र नकल रोकने वाले शिक्षक को ही विश्वविद्यालय के शीर्ष अधिकारी का नाम लेकर दबाव में लेने की कोशिश करता है, तो इससे परीक्षा अनुशासन की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।
- इसके अलावा जब छात्र का नकल प्रकरण बनाया गया तो उसने प्रकरण पर हस्ताक्षर करने से भी मना कर दिया।
