दिल्ली साउथ कैंपस स्थित सत्य निकेतन में हुए इमारत हादसे में जान गंवाने वाले कटनी के 19 वर्षीय छात्र अक्षत यादव का शव मंगलवार सुबह दुबे कॉलोनी निवास पह…और पढ़ें

HighLights
- कटनी के छात्र का शव पहुंचा घर
- अंतिम दर्शन के लिए उमड़े रिश्तेदार
- पूरे इलाके में पसरा मातम
नईदुनिया प्रतिनिधि, कटनी। दिल्ली साउथ कैंपस स्थित सत्य निकेतन में हुए इमारत हादसे में जान गंवाने वाले कटनी के 19 वर्षीय छात्र अक्षत यादव का शव मंगलवार सुबह दुबे कॉलोनी निवास पहुंचा। शव लेकर जैसे ही एंबुलेंस घर के बाहर रुकी, स्वजनों की चीख-पुकार से पूरा माहौल गमगीन हो गया।
माता-पिता अपने इकलौते बेटे के पार्थिव शरीर से लिपटकर बिलख पड़े। रिश्तेदार, पड़ोसी और बड़ी संख्या में लोग घर के बाहर पहले से जमा थे और शोकाकुल परिवार को सांत्वना देते रहे। पूरे इलाके में मातम पसरा रहा। अक्षत की असमय मौत से उसके स्कूल परिवार में भी गहरा शोक है।
यूपीएससी की परीक्षा पास करना चाहता था अक्षत
डीएसपी स्कूल की प्रिंसिपल सीमा दुबे सहित शिक्षक और उसके साथी घर पहुंचे। प्रिंसिपल दुबे ने बताया कि अक्षत अक्सर उनसे कहता था कि वह यूपीएससी परीक्षा पास कर देश की सेवा करना चाहता है, लेकिन हादसे ने उसके सभी सपनों को अधूरा छोड़ दिया। अक्षत अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था।
वह सत्य निकेतन स्थित एक पीजी में रहकर दिल्ली विश्वविद्यालय से बीकॉम ऑनर्स की पढ़ाई कर रहा था। रात करीब डेढ़ बजे हादसे की सूचना मिलते ही पूरा परिवार सदमे में आ गया। उस समय अक्षत के पिता राजस्थान गए थे और सूचना मिलते ही वे सीधे दिल्ली के लिए रवाना हो गए थे।
