मध्य प्रदेश से राज्यसभा के तीन सदस्यों का कार्यकाल 21 जून को समाप्त हो जाएगा। …और पढ़ें

HighLights
- दिग्विजय सिंह समेत तीन राज्यसभा सदस्यों का कार्यकाल आज समाप्त
- कांग्रेस उम्मीदवार का नामांकन निरस्त होने से भाजपा को मिली तीसरी सीट
- तीनों सीटों पर भाजपा प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हुए
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। मध्य प्रदेश से राज्यसभा के तीन सदस्यों का कार्यकाल 21 जून को समाप्त हो जाएगा। इनमें कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह और भाजपा के सुमेर सिंह सोलंकी व जार्ज कुरियन शामिल हैं। रिक्त स्थानों की पूर्ति के लिए चुनाव हो चुके हैं, जिसमें भाजपा के तीनों प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं।
वर्ष 2020 में प्रदेश से राज्यसभा की तीन सीटों के लिए चुनाव हुए थे। इसमें कांग्रेस के दिग्विजय सिंह दोबारा चुने गए थे और दो सीटें भाजपा के हिस्से में आई थीं। ज्योतिरादित्य सिंधिया ने वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में निर्वाचित होने पर राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था और उनके स्थान पर शेष कार्यकाल के लिए जार्ज कुरियन निर्विरोध चुने गए थे।
सभी सदस्यों का कार्यकाल पूरा हो रहा
21 जून को इन सभी सदस्यों का कार्यकाल पूरा हो रहा है। निर्वाचन आयोग ने रिक्त होने वाली तीनों सीटों के लिए चुनाव कराए। 230 सदस्यीय विधानसभा में दलीय स्थिति के अनुसार दो सीट भाजपा और एक कांग्रेस को मिलनी थी, लेकिन कांग्रेस की उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन एक आपराधिक प्रकरण की जानकारी शपथ पत्र में न देने की वजह से निरस्त हो गया।
चुनाव याचिका दायर करने की तैयारी
इसके कारण तीसरी सीट भी भाजपा को मिली और पार्टी के उम्मीदवार महेश केवट भी निर्विरोध निर्वाचित हो गए। कांग्रेस का आरोप है कि मीनाक्षी नटराजन का नामांकन एक ऐसे मामले को लेकर रिटर्निंग आफिसर अरविंद शर्मा द्वारा निरस्त कर दिया गया, जिस पर कोर्ट ने संज्ञान तक नहीं लिया है। इसे लेकर सुप्रीम कोर्ट में याचिका भी लगाई गई, लेकिन कोई राहत नहीं मिली। अब हाई कोर्ट में चुनाव याचिका दायर करने की तैयारी है।
