पहले जहां ब्रिज के रिपेयर और सीमित सुधार की योजना थी, वहीं अब इसे पूरी तरह नए स्वरूप में तैयार करने का निर्णय लिया गया है। …और पढ़ें

HighLights
- लागत बढ़कर 30 करोड़ के पार
- निर्माण में लगेंगे पांच से छह महीने
- ब्रिज दूसरी बार क्षतिग्रस्त हुआ है
नईदुनिया डिजिटल डेस्क, जबलपुर। जबलपुर-भोपाल राष्ट्रीय राजमार्ग-45 पर शहपुरा स्थित रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) को अब नए सिरे से तैयार किया जाएगा। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय द्वारा पुरानी डिजाइन में बदलाव किए जाने के बाद परियोजना की लागत और निर्माण अवधि दोनों बढ़ गई हैं।
यह अतिरिक्त लागत सड़क निर्माण कंपनी ही देगी
नई डिजाइन के अनुसार इस निर्माण कार्य में 30 करोड़ रुपये से अधिक की लागत आने का अनुमान है। यह अतिरिक्त लागत सड़क निर्माण कंपनी को ही वहन करनी होगी। पुरानी संरचना और मौजूदा यातायात दबाव को देखते हुए निर्णय लिया।
वैकल्पिक मार्गों को स्थायी रूप से मजबूत करने की तैयारी शुरू
केंद्रीय मंत्रालय ने सुरक्षा और दीर्घकालिक उपयोगिता को प्राथमिकता देते हुए डिजाइन में बदलाव किया है। निर्माण कार्य पूरा होने में करीब पांच से छह महीने का समय लग सकता है। इसी बीच बारिश का मौसम सामने होने के कारण एमपीआरडीसी ने वैकल्पिक मार्गों को स्थायी रूप से मजबूत करने की तैयारी शुरू कर दी है।
डायवर्सन रोड और घंसौर रोड को अब पक्का किया जाएगा
शहपुरा नगर के भीतर से निकलने वाले डायवर्सन रोड और घंसौर रोड को अब पक्का किया जाएगा ताकी भारी वाहनों की आवाजाही प्रभावित न हो। गौरतलब है कि वर्तमान में अस्थायी व्यवस्था के तौर पर डायवर्सन मार्ग पर डीबीएम रोड तैयार की गई थी।
भारी वाहनों के कारण सड़क तेजी से जर्जर हो गई
लगातार भारी वाहनों की आवाजाही के कारण सड़क तेजी से जर्जर हो गई। बारिश के दौरान इस मार्ग की स्थिति और खराब होने की आशंका जताई जा रही थी। ऐसे में विभाग ने समय रहते इन सड़कों को स्थायी रूप से मजबूत बनाने का निर्णय लिया है।
वैकल्पिक रास्तों से डाइवर्ट किया गया है
जबलपुर-भोपाल नेशनल हाईवे-45 पर स्थित शहपुरा रेलवे ओवरब्रिज (ROB) का लगभग 200 मीटर हिस्सा फरवरी 2026 में धंस जाने के कारण आवागमन पूरी तरह ठप हो गया, जिससे ट्रैफिक को वैकल्पिक रास्तों से डाइवर्ट किया गया है। यह 3 साल पुराना, ₹400 करोड़ की लागत वाला ब्रिज दूसरी बार क्षतिग्रस्त हुआ है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर से घूरवाड़ा गांव लौटते समय सिवनी के लखनादौन कांग्रेस विधायक योगेंद्र सिंह की कार में लगी आग
