आरोप है कि पीटर जोसेफ ने महिलाओं से कहा कि यदि वे ईसाई धर्म स्वीकार कर नियमित प्रार्थना करेंगी तो उनकी सभी परेशानियां दूर हो जाएंगी। …और पढ़ें

HighLights
- सुहागी स्थित सेंट मेरी कान्वेंट स्कूल में मतांतरण की सूचना पर हंगामा
- हिंदू संगठनों के विरोध के बाद एक आरोपित पर मामला दर्ज
- मतांतरण के विरोध में आधारताल थाना के सामने किया प्रदर्शन
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर । अधारताल थाना क्षेत्र के सुहागी में रविवार को मतांतरण के प्रयास की सूचना पर जमकर हंगामा हो गया। बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में सेंट मेरी कान्वेंट स्कूल परिसर पहुंच गए। विरोध प्रदर्शन करते हुए कार्रवाई की मांग की। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया। मामले में दो महिलाओं की ओर से मतांतरण कराने के प्रयास की शिकायत की गई। जिसके आधार पर एक आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
पुरानी सुहागी निवासी अनीता बेन और लक्ष्मी बेन, दोनों आपस में बहन है। उनके परिवार में कुछ समय से विभिन्न प्रकार की परेशानियां चल रही थीं। इसी दौरान उन्हें जानकारी मिली कि सेंट मेरी स्कूल में पीटर जोसेफ नामक व्यक्ति से मिलने और उसकी बताई प्रार्थना करने से समस्याओं का समाधान हो सकता है। इस सूचना के बाद दोनों महिलाएं रविवार को वहां पहुंचीं।
आर्थिक सहायता और अन्य प्रकार की मदद का भी आश्वासन दिया
महिलाओं ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया कि उन्हें आर्थिक सहायता और अन्य प्रकार की मदद का भी आश्वासन दिया गया। साथ ही कथित तौर पर पांच हजार रुपये दिए गए। महिलाओं ने यह भी आरोप लगाया कि बातचीत के दौरान हिंदू देवी-देवताओं के संबंध में आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं।
प्रार्थना सभा का विरोध करते हुए नारेबाजी और प्रदर्शन किया
घटना की जानकारी मिलने पर बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। उन्होंने स्कूल में चल रही प्रार्थना सभा का विरोध करते हुए नारेबाजी और प्रदर्शन किया। बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि प्रार्थना सभा में कई हिंदू लोगों को बुलाया गया था। वे सभी लोग आर्थिक रूप से कमजोर और पारिवारिक समस्याओं से पीड़ित थे। उनसे कार्यकर्ताओं ने पूछताछ करना शुरू हुआ तो कुछ समय के लिए क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बन गया।
