भवन का सामने का हिस्सा ढह चुका है, जबकि पिछला हिस्सा अभी खड़ा होने से उसे मशीनों की सहायता से नियंत्रित तरीके से तोड़ा जा रहा है।

HighLights
- बुधवार को भी पूरे दिन राहत एवं कार्रवाई जारी रहेगी
- निगम की मशीनें मलबा हटाने और जर्जर हिस्से को गिराने में लगी
- … ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। बड़े फव्वारा के समीप मंगलवार रात धराशायी हुई तीन मंजिला इमारत के मलबे को हटाने और क्षतिग्रस्त हिस्से को सुरक्षित ढंग से गिराने का कार्य नगर निगम ने युद्धस्तर पर शुरू कर दिया है। बुधवार को भी पूरे दिन राहत एवं कार्रवाई जारी रहेगी।
फव्वारा से लार्डगंज की ओर जाने वाले रास्ते को बंद रखा
कार्रवाई के दौरान पुलिस और नगर निगम ने सुरक्षा की दृष्टि से कमानिया गेट की ओर से आने वाले मार्ग तथा फव्वारा से लार्डगंज की ओर जाने वाले रास्ते को बंद रखा। मौके पर निगम की मशीनें लगातार मलबा हटाने और जर्जर हिस्से को गिराने में लगी हैं।
क्षतिग्रस्त हिस्से को सुरक्षित तरीके से ध्वस्त किया जा रहा
हालांकि, ऊंचाई के कारण हिताची मशीन को भवन तक पहुंचने में कठिनाई आ रही है। इसे देखते हुए नगर निगम द्वारा भवन के सामने बड़े पैमाने पर मलबा और मिट्टी डलवाकर अस्थायी प्लेटफॉर्म तैयार किया जा रहा है, ताकि मशीन उस पर चढ़कर ऊंचाई तक पहुंच सके और शेष क्षतिग्रस्त हिस्से को सुरक्षित तरीके से ध्वस्त किया जा सके।
ट्रकों के माध्यम से मलबा लाकर डाला जा रहा है
इसके लिए बाहर से लगातार ट्रकों के माध्यम से मलबा लाकर डाला जा रहा है। निगम अधिकारियों के अनुसार, प्राथमिकता आसपास के क्षेत्र को पूरी तरह सुरक्षित करना और जर्जर भवन को नियंत्रित तरीके से हटाना है, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।
