पुलिस अब फरार आरोपियों और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि शहर में नशे के कारोबार पर सख्त कार्रवाई आगे …और पढ़ें

HighLights
- बेलबाग, अधारताल और क्राइम ब्रांच की संयुक्त कार्रवाई
- 15 लाख के नशीले इंजेक्शन, ई-रिक्शा और मोबाइल बरामद
- कार्रवाई के दौरान कई फरार आरोपियों की तलाश जारी
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। शहर में नशे के लिए उपयोग होने वाले इंजेक्शनों की तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए बेलबाग, अधारताल थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 6600 नशीले इंजेक्शन, पांच मोबाइल फोन तथा तस्करी में प्रयुक्त एक ई-रिक्शा जब्त किया है। बरामद इंजेक्शनों की अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई गई है।
संयुक्त टीम ने पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त आरोपियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध जितेंद्र सिंह, नगर पुलिस अधीक्षक अधारताल राजेश्वरी कौरव और उप पुलिस अधीक्षक अपराध उदयभान बागरी के मार्गदर्शन में संयुक्त टीम ने पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया।

सूचना पर दबिश देकर पुलिस ने की कार्रवाई
थाना बेलबाग पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रामलीला मैदान के पास एक व्यक्ति ई-रिक्शा में भारी मात्रा में नशीले इंजेक्शन लेकर ग्राहक का इंतजार कर रहा है। सूचना पर दबिश देकर पुलिस ने समता कॉलोनी गोहलपुर निवासी दुर्गा पटेल को गिरफ्तार किया। तलाशी में ई-रिक्शा से 3200 नशीले इंजेक्शन बरामद हुए।
दुर्गा पटेल की निशानदेही पर गिरफ्तार किया
पूछताछ में उसने बताया कि वह यह खेप अमजद खान और मोहम्मद आरिफ के कहने पर सौरभ सोनकर को देने आया था। दुर्गा पटेल की निशानदेही पर पुलिस ने मोहम्मद आरिफ, अमजद खान, सैय्यद असरफ अली उर्फ जीजा तथा सौरभ नामदेव को गिरफ्तार किया।
अमजद खान वितरण का काम करता था
जांच में सामने आया कि सैय्यद असरफ अली और सौरभ नामदेव मिलकर नशीले इंजेक्शनों की आपूर्ति कराते थे, जबकि अमजद खान इनके वितरण का काम करता था। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। इस मामले में सौरभ सोनकर और मोबाइल नंबर धारक एक अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
मिल्क स्कीम मैदान के पीछे दी दबिश
अधारताल थाना और क्राइम ब्रांच की टीम ने मिल्क स्कीम मैदान के पीछे दबिश देकर बजरंग बाड़ा निवासी गीतांशु साहू को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 3400 नशीले इंजेक्शन बरामद किए गए। पूछताछ में उसने बताया कि यह इंजेक्शन भानतलैया निवासी कल्लू दद्दा ने बिक्री के लिए उसके पास रखवाए थे।
विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू
सभी आरोपियों के खिलाफ मप्र ड्रग्स कंट्रोल एक्ट तथा एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
यह भी पढ़ें- जल संकट से उबारने मुंह दिखाई में मिली 11 हंडे मोहरों से बनवाया था जबलपुर का रानीताल
