जबलपुर के भानतलैया सिंधी कैंप में शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात गणेश प्रतिमा बना रहे 48 वर्षीय बब्बा उर्फ मनोज सोनकर की गोली मारकर हत्या कर दी गई।

HighLights
- अस्पताल में इलाज के दौरान मनोज ने दम तोड़ा
- शुभम मराठा समेत अन्य लोगों से विवाद था
- पुलिस CCTV और प्रत्यक्षदर्शियों से जांच कर रही है
डिजिटल डेस्क, जबलपुर। भानतलैया के सिंधी कैंप में शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात गणेश प्रतिमा तैयार कर रहे एक मूर्तिकार की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात रात करीब 2 से 3 बजे के बीच हुई। मृतक की पहचान बब्बा उर्फ मनोज सोनकर (48) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका है।
प्रतिमा तैयार करने के बाद निकले, तभी चलाई गोली
मनोज सोनकर कई वर्षों से गणेश उत्सव के सीजन में घर के पास मूर्तियां बनाने का काम करते थे। शुक्रवार रात भी वे पंडाल में गणेश प्रतिमा तैयार कर रहे थे। प्रतिमा तैयार करने के बाद जैसे ही वे पंडाल से बाहर निकले, बाइक पर सवार 2 से 3 युवकों ने उन पर गोली चला दी। गोली मनोज के पेट में लगी और वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम
गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास मूर्तियां बना रहे लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायल मनोज को तत्काल हनुमानताल थाने पहुंचाया। पुलिस ने उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा। डॉक्टरों ने मनोज को बचाने का प्रयास किया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
शुभम मराठा से विवाद की बात सामने आई
एएसपी आयुष जाखड़ ने बताया कि मनोज सोनकर का शुभम मराठा सहित कुछ अन्य लोगों से लंबे समय से विवाद चल रहा था। परिवार के सदस्य भी फिलहाल हत्या की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं बता पा रहे हैं। वारदात में 3-4 अन्य लोगों के शामिल होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, आरोपियों की भूमिका की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी।
