प्रत्येक माह के तीसरे बुधवार को कटनी, सतना, सागर, दमोह और नरसिंहपुर में कैंप लगाए जाते हैं। इससे कर्मचारियों को शिकायतों के समाधान के लिए बार-बार मंडल…और पढ़ें

HighLights
- 24 घंटे उपलब्ध रहेगी सुविधा, शिकायत कैंप भी जारी
- वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी के निर्देश पर नई व्यवस्था
- कागजी कार्यवाही और फाइलों की मैनुअल आवाजाही कम होगी
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर मंडल में कार्यरत रेल कर्मचारियों के लिए एनओसी (अनापत्ति प्रमाण पत्र) लेना अब आसान हो गया है। कर्मचारी नई नौकरी, प्रतियोगी परीक्षा, शैक्षणिक एवं अन्य प्रशासनिक कार्यों के लिए घर बैठे ऑनलाइन एनओसी के लिए आवेदन कर सकेंगे। इसके लिए उन्हें कार्यालयों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी।
एनओसी टैब पर जाकर आवेदन कर सकते हैं
वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी के निर्देश पर शुरू की गई इस व्यवस्था में कर्मचारी अपनी एचआरएमएस आईडी से लाॅगिन कर इम्प्लाई सेल्फ सर्विस (ईएसएस) के एनओसी टैब पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की स्थिति भी मोबाइल एवं कंप्यूटर से ऑनलाइन देखी जा सकेगी। यह सुविधा 24 घंटे उपलब्ध रहेगी, इसलिए कर्मचारी अपनी सुविधा के अनुसार किसी भी समय आवेदन कर सकेंगे।
डिजिटल सेवाओं को बढ़ावा देने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम
नई व्यवस्था से कागजी कार्यवाही और फाइलों की मैनुअल आवाजाही कम होगी। इससे समय की बचत के साथ एनओसी आवेदनों के निस्तारण में तेजी और पारदर्शिता आने की उम्मीद है। यह व्यवस्था डिजिटल सेवाओं को बढ़ावा देने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है।
शिकायतों के लिए हर माह कैंप
रेल कर्मचारियों और पेंशनभोगियों की समस्याओं के समाधान के लिए गत वर्ष नवंबर माह से शिकायत कैंप भी आयोजित किए जा रहे हैं। प्रत्येक माह के तीसरे बुधवार को कटनी, सतना, सागर, दमोह और नरसिंहपुर में कैंप लगाए जाते हैं। इससे कर्मचारियों को शिकायतों के समाधान के लिए बार-बार मंडल कार्यालय आने की जरूरत नहीं पड़ती और समस्याओं का समयबद्ध निराकरण किया जाता है।
