आदेश जारी होने की तारीख और कक्षाएं शुरू करने की तिथि में 20 दिन का अंतर होने से विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं।

HighLights
- परीक्षाएं अभी भी जारी,अगस्त तक चलेंगी
- शैक्षणिक कैलेंडर पर उठे सवाल
- नवप्रवेशित विद्यार्थियों की पढ़ाई अधर में
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। उच्च शिक्षा विभाग ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 का अकादमिक कैलेंडर 20 जुलाई को जारी किया, लेकिन इसमें स्नातक और स्नातकोत्तर कक्षाएं एक जुलाई से शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।
नियमित पढ़ाई शुरू होना मुश्किल
दूसरी ओर विश्वविद्यालय की परीक्षाएं अभी भी जारी हैं और अगस्त तक चलेंगी। ऐसे में नए प्रवेश लेने वाले हजारों विद्यार्थियों की नियमित पढ़ाई शुरू होना मुश्किल दिखाई दे रहा है।
17 अगस्त तक स्नातक प्रथम वर्ष की परीक्षाएं प्रस्तावित
रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय से संबद्ध अधिकांश शासकीय और बड़े निजी महाविद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। 28 जुलाई से 17 अगस्त तक स्नातक प्रथम वर्ष की परीक्षाएं प्रस्तावित हैं, जबकि बीकॉम द्वितीय वर्ष की परीक्षाएं भी हाल ही में चली हैं।
कक्षाओं के लिए पर्याप्त कमरे उपलब्ध नहीं
परीक्षा अवधि में कक्षाओं के लिए पर्याप्त कमरे उपलब्ध नहीं रहेंगे, जिससे नए विद्यार्थियों को पढ़ाई शुरू होने का इंतजार करना पड़ेगा।
जमीनी स्थिति इससे बिल्कुल अलग
शैक्षणिक कैलेंडर के अनुसार स्नातक और स्नातकोत्तर प्रथम एवं तृतीय सेमेस्टर की कक्षाएं एक जुलाई से प्रारंभ होना थीं, जबकि आंतरिक मूल्यांकन अगस्त के पहले सप्ताह से सितंबर के अंतिम सप्ताह तक होना है। हालांकि जमीनी स्थिति इससे बिल्कुल अलग है।
