चोरी करने पहुंचे बदमाशों में से एक आरोपित वारदात के दौरान ही इतनी गहरी नींद में सो गया कि सुबह गोदाम खुलने पर मालिक ने उसे अंदर सोते हुए पकड़ लिया। …और पढ़ें

HighLights
- लाखों का माल समेटने के बाद फर्श पर ही सो गया चोर
- छत के रास्ते एसी-कूलर के गोदाम में घुसे थे बदमाश
- सतना पुलिस की हिरासत में आया अजीबोगरीब चोर
नईदुनिया प्रतिनिधि, सतना। शहर के खेरमाई रोड स्थित एसी और कूलर के गोदाम में चोरी की एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। चोरी करने पहुंचे बदमाशों में से एक आरोपित वारदात के दौरान ही इतनी गहरी नींद में सो गया कि सुबह गोदाम खुलने पर मालिक ने उसे अंदर सोते हुए पकड़ लिया। सूचना मिलने पर सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और उस आरोपित को हिरासत में ले लिया।
छत के रास्ते दाखिल हुए चोर, लाखों का माल पार
जानकारी के अनुसार, खेरमाई रोड स्थित बिहारी ट्रेडर्स के गोदाम को रविवार रात चोरों ने निशाना बनाया। बदमाश छत के रास्ते गोदाम में दाखिल हुए और एसी के आउटडोर यूनिट को क्षतिग्रस्त कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद उन्होंने गोदाम में रखे टीवी, एसी, कूलर सहित अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर लाखों रुपये का माल समेट लिया।
साथी फरार, गहरी नींद में सोया रह गया चोर
बताया जा रहा है कि चोरी के दौरान एक आरोपित को नींद आ गई और वह गोदाम के फर्श पर ही सो गया। उसके साथी चोरी का सामान लेकर मौके से फरार हो गए, जबकि वह गहरी नींद में वहीं पड़ा रहा। सोमवार सुबह जब गोदाम संचालक बिहारी रोज की तरह प्रतिष्ठान खोलने पहुंचे तो अंदर एक युवक को सोता देखकर दंग रह गए। उन्होंने तत्काल आसपास के लोगों को बुलाया और सिटी कोतवाली पुलिस को सूचना दी।
पुलिस हिरासत में आरोपित, साथियों की तलाश जारी
मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में युवक के चोरी की वारदात में शामिल होने की बात सामने आई है। पुलिस उससे उसके फरार साथियों के संबंध में पूछताछ कर रही है और चोरी गए सामान की बरामदगी के प्रयास भी जारी हैं।
