वर्ष 2026 को ‘कृषक कल्याण वर्ष’ के रूप में मनाने के तहत यह महोत्सव नई कृषि उपज मंडी परिसर में आयोजित किया जा रहा है।

नईदुनिया प्रतिनिधि, खंडवा। मध्य प्रदेश में वर्ष 2026 को ‘कृषक कल्याण वर्ष’ के तहत खंडवा में आयोजित किए जा रहे बलराम कृषि महोत्सव में सोमवार को मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव शामिल होंगे। पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का किसानों से वर्चुअल संवाद प्रस्तावित था, लेकिन अब वे स्वयं सोमवार को खंडवा पहुंचकर कार्यक्रम में शामिल होंगे और किसानों को सीधे संबोधित करेंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव सुबह लगभग 11:35 बजे नई कृषि उपज मंडी परिसर पहुंचेंगे, जहां वे बलराम कृषि महोत्सव का शुभारंभ करेंगे। कार्यक्रम के दौरान वे किसानों से संवाद कर कृषि क्षेत्र में राज्य सरकार की योजनाओं, आधुनिक खेती और कृषि नवाचारों पर अपने विचार साझा करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री दोपहर करीब 1:10 बजे खंडवा से रवाना होंगे।
डिजिटल कृषि सेवाओं की जानकारी दी जाएगी
महोत्सव में कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य पालन, सहकारिता और कृषि अभियांत्रिकी सहित विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। किसानों को आधुनिक खेती, उन्नत बीज, ड्रोन तकनीक, स्मार्ट सिंचाई, प्राकृतिक एवं जैविक खेती, जल संरक्षण, मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन, मौसम आधारित खेती तथा डिजिटल कृषि सेवाओं की जानकारी दी जाएगी।
साथ ही विशेषज्ञ किसानों की समस्याओं का समाधान करेंगे और बदलती जलवायु के अनुरूप खेती की नई तकनीकों एवं जोखिम प्रबंधन के उपायों से भी अवगत कराएंगे। इस आयोजन के लिए प्रशासन द्वारा नई कृषि उपज मंडी में पंडाल सहित अन्य व्यवस्थाएं की गई है।
