नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। दक्षिण-पश्चिम मानसून का इंतजार बढ़ता जा रहा है। मानसून की उत्तरी सीमा अभी भी हरनाई, सोलापुर, हैदराबाद, भद्राचलम में स्थिर है। प्रदेश के धुर दक्षिणी सीमा से इसकी सबसे नजदीकी दूरी 350 से 400 किमी दूर है। मौसम विज्ञानियों का अनुमान है कि अगले चार-पांच दिनों में मानसून आगे बढ़ सकता है। वह मध्य प्रदेश में कब तक पहुंचेगा यह आगे बढ़ने की उसकी गति पर निर्भर करेगा।
मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश के 30 जिलों के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। इन क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ वज्रपात (बिजली चमकने) और भारी बारिश की आशंका जताई गई है।
येलो अलर्ट वाले प्रमुख जिले
नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, अलीराजपुर, झाबुआ, धार, रतलाम, मंदसौर, नीमच, शाजापुर, आगर-मालवा, राजगढ़, सीहोर, रायसेन, विदिशा, सागर, दमोह, नरसिंहपुर, जबलपुर, कटनी, उमरिया, शहडोल, डिंडोरी, मंडला, बालाघाट, सिवनी और छिंदवाड़ा।
मौसम का मुख्य अनुमान
- तेज हवाएं: इन सभी जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से अंधड़ चलने की संभावना है।
- बारिश और बिजली: कई इलाकों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश हो सकती है, जबकि कुछ अन्य क्षेत्रों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और हल्की बौछारें पड़ने के आसार हैं।
पिछले 24 घंटों में गौहरगंज, बैरसिया, मुलताई, हरसूद, सिवनी, डिंडौरी, भैंसदेही, श्योपुर, बुरहानपुर, बैतूल और गुलाबगंज में भी मध्यम स्तर की वर्षा दर्ज हुई है। भोपाल में बुधवार दिन में 14 मिलीमीटर पानी बरसा। इंदौर में भी शाम साढ़े चार बजे के करीब बारिश हुई। इसकी वजह से इन क्षेत्रों के अधिकतम तापमान में दो से 10 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई। बैतूल में अधिकतम तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। यह एक दिन पहले के अधिकतम तापमान से 10 डिग्री सेल्सियस और सामान्य से 7.5 डिग्री सेल्सियस कम है। भोपाल का तापमान भी 34.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.5 डिग्री सेल्सियस कम है।
गर्म रहा बुंदेलखंड, रतलाम व बालाघाट में लू की चेतावनी
प्रदेश के कई जिलों में प्री मानसून के कारण हुई छिटपुट बरसात के बावजूद बुंदेलखंड का मौसम गर्म बना रहा। बुधवार को खजुराहो प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा। यहां का अधिकतम तापमान 41.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। दतिया में 41.2 और नौगांव में 41 डिग्री तापमान रहा। इस बीच मौसम विभाग ने रतलाम और बालाघाट जिलों में लू की चेतावनी जारी की है।
इन वजहों से बने हालात
मौसम विशेषज्ञ अजय शुक्ला का कहना है कि मानसून अभी भी दूर है। प्रदेश में प्री मानसून गतिविधियां चल रही हैं। इसमें तेज गर्मी के बाद स्थानीय स्तर पर बादल बनते हैं और अनुकूलता मिलते ही बरस जाते हैं।
कभी कभी कोई मौसमी तंत्र बादलों की एक रेखा बनाता है, जिसके नीचे आने वाले क्षेत्रों में कम या ज्यादा बरसात होती है। मौसम अभी भी गर्मी का है, इसलिए जहां तेज वर्षा नहीं है वहां लू जैसे हालात बन रहे हैं। वर्षा रुकते ही उमस वाली गर्मी भी लोगों को बेचैन करेगी।
प्रमुख शहरों का तापमान
- शहर – अधिकतम – न्यूनतम
- भोपाल – 34.8 – 22.6
- इंदौर – 37.2 – 26.2
- ग्वालियर – 39.8 – 26.5
- जबलपुर – 39.3 – 25.2
(स्रोत: मौसम विज्ञान विभाग, आंकड़े डिग्री सेल्सियस में)
यह भी पढ़ें- मध्य प्रदेश में 29 IAS अधिकारियों का तबादला, भोपाल और रीवा के कमिश्नर बदले, देखें पूरी लिस्ट
