नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कार्पोरेशन द्वारा मध्य प्रदेश के श्रद्धालुओं के लिए विशेष “भारत गौरव पर्यटक ट्रेन” का संचालन किया जा रहा है। यह ट्रेन 11 जुलाई 2026 को रीवा से रवाना होगी, जिसमें यात्री पांच ज्योतिर्लिंगों के दर्शन के साथ द्वारकाधीश मंदिर और पुरी धाम की यात्रा कर सकेंगे। यह जानकारी आइआरसीटीसी के एरिया मैनेजर मौसिन बेंजामिन ने दी।
यात्रा के मुख्य आकर्षण और प्रमुख स्टेशन
उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान श्रद्धालु ओंकारेश्वर, भीमाशंकर, त्र्यंबकेश्वर, घृष्णेश्वर और नागेश्वर ज्योतिर्लिंग सहित द्वारकाधीश मंदिर तथा जगन्नाथ पुरी के दर्शन करेंगे। ट्रेन में चढ़ने की सुविधा मध्य प्रदेश के रीवा, सतना, मैहर, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, इटारसी, रानी कमलापति, उज्जैन और अन्य प्रमुख स्टेशनों पर उपलब्ध रहेगी।
यात्रा की अवधि और पैकेज में शामिल सुविधाएं
यात्रा की अवधि 10 रात और 11 दिन निर्धारित की गई है। आइआरसीटीसी के पैकेज में रेल यात्रा, आन-बोर्ड एवं आफ-बोर्ड भोजन, सड़क परिवहन, आवास व्यवस्था, दर्शनीय स्थलों का भ्रमण, यात्रा बीमा तथा सुरक्षा जैसी सुविधाएं शामिल हैं। इच्छुक यात्री आइआरसीटीसी की वेबसाइट पर आनलाइन बुकिंग कर सकते हैं तथा अधिक जानकारी के लिए भोपाल, जबलपुर और इंदौर स्थित क्षेत्रीय कार्यालयों से संपर्क कर सकते हैं।
जयपुर-भोपाल-जयपुर एक्सप्रेस का खातीपुरा तक विस्तार
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेल ने गाड़ी संख्या 19711-12 जयपुर-भोपाल-जयपुर एक्सप्रेस का विस्तार खातीपुरा तक किया है। यह ट्रेन 20 जून 2026 से लागू होगी। रेलवे के अनुसार जयपुर और भोपाल के बीच ट्रेन की वर्तमान समय-सारिणी में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
पश्चिम मध्य रेलवे के मुताबिक गाड़ी संख्या 19711 खातीपुरा-भोपाल एक्सप्रेस, 20 जून 2026 से प्रतिदिन खातीपुरा से शाम 5:45 बजे प्रस्थान करेगी और जयपुर स्टेशन पर 6:10 बजे आगमन एवं 6:20 बजे प्रस्थान करेगी। गाड़ी संख्या 19712 भोपाल-खातीपुरा एक्सप्रेस, अंतिम स्टेशन खातीपुरा पर 10:35 बजे पहुंचेगी।
यह भी पढ़ें- MP में सोलर उपभोक्ताओं को बड़ी राहत की तैयारी, प्रोसेसिंग फीस और मीटर टेस्टिंग चार्ज खत्म करने का प्रस्ताव
कोटा-इटावा-कोटा एक्सप्रेस में अतिरिक्त स्लीपर कोच
रेल ने कोटा-इटावा-कोटा एक्सप्रेस में अस्थायी रूप से एक अतिरिक्त स्लीपर कोच लगाने का निर्णय लिया है। इससे प्रतीक्षा सूची वाले यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है। गाड़ी संख्या 19811 कोटा-इटावा एक्सप्रेस में कोटा से 17 जून से 22 जून 2026 तक एक अतिरिक्त स्लीपर कोच जोड़ा जाएगा। गाड़ी संख्या 19812 इटावा-कोटा एक्सप्रेस में इटावा से 17 जून से 22 जून 2026 तक एक अतिरिक्त स्लीपर कोच लगाया जाएगा।
