डिजिटल डेस्क, भोपाल। मानसून टर्फ और निम्न दाब क्षेत्र के असर से मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्से में मानसूनी गतिविधियां एक बार फिर तेज हो गई हैं। इसके प्रभाव से जबलपुर, शहडोल और रीवा संभाग के जिलों में आगामी तीन दिनों तक भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम केंद्र (IMD) का अनुमान है कि जबलपुर, सिवनी, मंडला, डिंडौरी, बालाघाट, सागर, नरसिंहपुर, कटनी, पन्ना, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, रायसेन और नर्मदापुरम में अगले 24 घंटों में 4 इंच या उससे अधिक बारिश हो सकती है।
इन संभागों व जिलों में भी जारी रहेगी बारिश
भोपाल, ग्वालियर और चंबल संभाग सहित प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी 16 से 18 अगस्त के दौरान तेज बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इंदौर, उज्जैन, देवास, रतलाम, धार, खरगोन, खंडवा, बड़वानी, नीमच, मंदसौर, विदिशा, सीहोर, राजगढ़, बैतूल, हरदा, गुना, शिवपुरी, दतिया, छिंदवाड़ा, सतना, छतरपुर और टीकमगढ़ समेत राज्य के अधिकांश जिलों में हल्की से तेज बौछारें पड़ने के आसार हैं।
यह भी पढ़ें- Weather Update: 17 अगस्त तक के मौसम का हाल, इन राज्यों में झमाझम बारिश की संभावना
प्रदेश में अब तक के वर्षा आंकड़े
राज्य में अब तक 21.4 इंच (544.4 मिमी) बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य औसत (24.4 इंच या 618.8 मिमी) से लगभग 3 इंच यानी 12 प्रतिशत कम है। पूर्वी मध्य प्रदेश में औसत से 18% तथा पश्चिमी हिस्से में 6% कम पानी गिरा है। प्रदेश के 43 जिलों में सामान्य से 1% से लेकर 54% तक बारिश की कमी दर्ज की गई है। केवल 12 जिलों (जैसे भोपाल, गुना, ग्वालियर, सीहोर, राजगढ़, भिंड, बुरहानपुर, देवास, बड़वानी, खंडवा, खरगोन और अनूपपुर) में ही अब तक सामान्य से अधिक वर्षा हुई है।
