शुक्रवार को प्रदेश के पश्चिमी जिलों में भारी से अति भारी वर्षा की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग ने अलीराजपुर, झाबुआ, धार और रतलाम के लिए ऑरेंज अलर्ट जा…और पढ़ें

नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। प्रदेश के मध्य से गुजर रही मानसून द्रोणिका और 3.1 से 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर बने गहरे अवदाब के कारण पूरे प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। गुरुवार को राज्य के कई हिस्सों में तेज तो कहीं मध्यम वर्षा हुई। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार शाम साढ़े पांच बजे तक सबसे अधिक 62 मिलीमीटर वर्षा रतलाम में हुई।
वहीं राजधानी भोपाल में वर्षा का एक अलग ही रूप देखने को मिला, जहां कहीं अचानक तेज बौछारें पड़ीं तो कहीं धूप खिली। भोपाल में सात मिलीमीटर वर्षा हुई। इसके अलावा खरगौन में 39, उज्जैन में 25 और खंडवा में 15 मिलीमीटर बरसात हुई।
आज 4 जिलों में ऑरेंज और 47 में येलो अलर्ट
शुक्रवार को प्रदेश के पश्चिमी जिलों में भारी से अति भारी वर्षा की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग ने अलीराजपुर, झाबुआ, धार और रतलाम के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं भोपाल, बुरहानपुर, खरगौन और बड़वानी समेत 47 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि लगातार हो रही बारिश और हवा में नमी के कारण लोगों को उमस भरी गर्मी का भी सामना करना पड़ रहा है।
4-5 दिनों तक जारी रहेगा बारिश का दौर
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार छत्तीसगढ़ और पूर्वी मध्य प्रदेश पर बना गहरा अवदाब अब पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है। इसके थोड़ा कमजोर होकर अवदाब में बदलने और फिर विदर्भ व दक्षिण मध्य प्रदेश की सीमा से गुजरने की संभावना है। इसके प्रभाव से अगले चार-पांच दिनों तक पूरे प्रदेश में वर्षा की गतिविधियां बनी रहेंगी।
