जबलपुर के बरेला थाना क्षेत्र के शिलपुरी गांव में आंगनबाड़ी से लौटे दो मासूम नाले में नहाते समय डूब गए। अस्पताल में दोनों को मृत घोषित किया गया।

HighLights
- आंगनबाड़ी से लौटे दो मासूम नाले में नहाने पहुंचे थे।
- गहरे पानी में डूबने से दोनों बच्चों की दर्दनाक मौत हुई।
- ग्रामीणों ने रेस्क्यू कर बच्चों को बाहर निकाला था।
नईदुनिया प्रतिनिधि, बरेला/जबलपुर। बरेला थाना क्षेत्र में आने वाले ग्राम शिलपुरी से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। आंगनबाड़ी केंद्र से छुट्टी के बाद दोस्तों के साथ नहाने गए दो पांच वर्षीय मासूम बच्चों की नाले में डूबने से असमय मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे के बाद परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में गहरा शोक छा गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम शिलपुरी निवासी साहिल परस्ते (उम्र 6 वर्ष) पिता सुकराम और रोमिक पट्टा (उम्र 5 वर्ष) पिता रोहन रोज की तरह आंगनवाड़ी गए थे। दोपहर करीब दो बजे आंगनबाड़ी से छुट्टी होने के बाद दोनों बच्चे अपने अन्य बाल मित्रों के साथ गांव के पास स्थित नाले में नहाने चले गए। नहाते समय दोनों मासूमों को गहराई का अंदाजा नहीं रहा और वे गहरे पानी में जाकर डूबने लगे।
ग्रामीणों ने चलाया रेस्क्यू
जब काफी देर तक बच्चे अपने घर नहीं पहुंचे, तो परिजनों को चिंता हुई और ग्रामीणों ने उनकी खोजबीन शुरू की। नाले के समीप पहुंचे ग्रामीणों को बच्चों के डूबने की आशंका हुई, जिसके बाद तुरंत बरेला थाना पुलिस और परिजन को सूचना दी गई। लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों बच्चों को पानी से बाहर निकालकर उपचार के लिए निकटतम अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शुरू की जांच
- घटना की जानकारी मिलते ही बरेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूर्ण कर दोनों मासूमों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।
- बरेला थाना पुलिस का कहना है कि मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि घटना के वक्त मौके पर क्या स्थितियां थीं। इस भीषण हादसे ने एक बार फिर जल स्रोतों के आसपास बच्चों की सुरक्षा और सतर्कता को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
