इस बार नौतपा भी ठंडा ही रहा। 9 दिन तक प्रदेश में कहीं आंधी-बारिश हुई, तो कई जिलों में ओले गिरे। इससे गर्मी का असर खत्म हो गया। दिन-रात के तापमान में 10 डिग्री तक की गिरावट देखी गई।
मंगलवार को प्रदेश के प्रमुख शहरों में तापमान सामान्य से कम दर्ज किया। भोपाल और ग्वालियर में अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि इंदौर में 38.2 डिग्री, उज्जैन में 37.5 डिग्री और जबलपुर में 38.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। खंडवा में 40.1 डिग्री और खजुराहो में 40 डिग्री तापमान दर्ज हुआ।
प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान पचमढ़ी रहा, जहां अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। श्योपुर में 35 डिग्री, बैतूल में 35.2 डिग्री, शिवपुरी में 36 डिग्री तथा नर्मदापुरम और सतना में 36.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ।
इन जिलों में होगी झमाझम बारिश
मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को नीमच, मंदसौर और आगर-मालवा में 60 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से आंधी चल सकती है। बारिश होने का अनुमान भी है। इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, डिंडौरी, मंडला, बालाघाट, सिवनी, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, देवास, शाजापुर, राजगढ़, खरगोन, रतलाम, झाबुआ, अलीराजपुर और बड़वानी में तेज आंधी, बारिश का येलो अलर्ट है।
पश्चिमी विक्षोभ और ट्रफ का असर
मौसम विभाग के अनुसार वर्तमान में पश्चिमी विक्षोभ, ट्रफ लाइन और अन्य मौसमी सिस्टम सक्रिय हैं। इनके प्रभाव से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए हुए हैं और रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी है। अगले कुछ दिनों तक मौसम इसी तरह बना रह सकता है। तेज हवाओं के साथ गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है।
इस बार मानसून की एंट्री होगी लेट
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार इस वर्ष मानसून की रफ्तार सामान्य से धीमी है। अभी तक मानसून केरल नहीं पहुंचा है, जबकि सामान्य परिस्थितियों में इसके पहुंचने के करीब 15 दिन बाद मध्य प्रदेश में मानसून दस्तक देता है। ऐसे में प्रदेश में मानसून की एंट्री 20 से 22 जून के बीच होने का अनुमान है। सामान्य तौर पर मध्य प्रदेश में मानसून 15 जून के आसपास प्रवेश करता है, लेकिन इस बार इसके 5 से 7 दिन देर से आने की संभावना जताई जा रही है। लगातार सक्रिय प्री-मानसून सिस्टम फिलहाल प्रदेश में मौसम को सुहावना बनाए हुए हैं।
