मुख्य न्यायाधीश जस्टिस संजीव सचदेवा के सुप्रीम कोर्ट में पदोन्नत होने के बाद केंद्र सरकार ने जस्टिस रूसिया को कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया ह …और पढ़ें

नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। मध्य प्रदेश हाई कोर्ट के वरिष्ठ न्यायाधीश जस्टिस विवेक रूसिया ने मंगलवार को कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश (एसीजे) का कार्यभार ग्रहण कर लिया। राष्ट्रपति भवन की अधिसूचना के बाद उन्होंने पदभार संभाला। स्थायी मुख्य न्यायाधीश की नियुक्ति तक वे यह दायित्व निभाएंगे।
मुख्य न्यायाधीश जस्टिस संजीव सचदेवा के सुप्रीम कोर्ट में पदोन्नत होने के बाद केंद्र सरकार ने जस्टिस रूसिया को कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया है।
करीब 34 वर्षों के विधिक अनुभव वाले जस्टिस रूसिया ने आठ अगस्त 1992 को अपने पिता वरिष्ठ अधिवक्ता स्वर्गीय प्रभाकर रूसिया के साथ-साथ वरिष्ठ अधिवक्ता स्वर्गीय पी. सदाशिवन नायर के मार्गदर्शन में वकालत शुरू की थी। सात अप्रैल, 2016 को वे मध्य प्रदेश हाई कोर्ट के न्यायाधीश नियुक्त हुए।
त्वरित और व्यावहारिक फैसलों के लिए पहचान रखने वाले जस्टिस रूसिया ने स्कूल बस सुरक्षा, विद्यार्थियों के परिवहन नियमों और निजी स्कूलों की फीस से जुड़े मामलों में महत्वपूर्ण निर्णय दिए हैं।
विधिक जगत को उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में हाई कोर्ट की प्रशासनिक और न्यायिक कार्यप्रणाली को नई गति मिलेगी।
