सेना बाई से लूटी गई 9 ग्राम वजनी सोने की नथ को आरोपितों ने 30 हजार रुपये में गिरवी भी रख दिया था, जिसे पुलिस ने मेमोरेण्डम के आधार पर बरामद किया। …और पढ़ें

HighLights
- सोने की नथ लूटने के युवक गिरफ्तार।
- इन्होंने रावटी में भी की थी वारदात।
- बस का इंतजार कर रहा था परिवार।
नईदुनिया प्रतिनिधि, रतलाम। पुलिस ने दिनदहाड़े बाजना बस स्टैंड और रावटी में महिलाओं से सोने की नथ लूटने वाले दो शातिर आरोपितों को घटना के महज 10 घंटे के भीतर गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में रावटी के ग्राम नरसिंग नाका निवासी 19 वर्षीय विष्णु पुत्र बागजी मईड़ा व मलवासी नाका निवासी 19 वर्षीय मोहन पुत्र शैतान भाभर शामिल है। दोनों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
मंगलवार दोपहर एसपी अमित कुमार ने प्रेस वार्ता में बताया कि माणकचौक थाना पुलिस व साइबर सेल ने एएसपी विवेक कुमार के मार्गदर्शन में दोनों आरोपितों को गिरफ्तार किया है। सोमवार को फरियादी जगदीश मईड़ा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि दोपहर करीब 12:30 बजे बाजना बस स्टैंड क्षेत्र में बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने उसकी पत्नी वज्जा बाई को डराकर नाक में पहनी सोने की नथ छीन ली थी। थाना प्रभारी विक्रमसिंह चौहान के नेतृत्व में टीम ने घटनास्थल एवं आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज की सहायता से संदिग्धों की पहचान की।
दोनों को ट्रेस करते हुए पुलिस देर रात रावटी पहुंची जहां से संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपितों ने बाजना बस स्टैंड क्षेत्र के 30 मई को रावटी से मजदूरी कर अपने घर ग्राम बीड़ लौट रही 59 वर्षीय सेनाबाई पत्नी पूना भाभर के साथ शाम करीब 6 बजे लूट की थी।
सेना बाई से लूटी गई 9 ग्राम वजनी सोने की नथ को आरोपितों ने 30 हजार रुपये में गिरवी भी रख दिया था, जिसे पुलिस ने मेमोरेण्डम के आधार पर बरामद किया। आरोपितों से 5 ग्राम वजनी सोने की नथ कीमत करीब 80 हजार रुपये, बाइक (क्रमांक एमपी43 जेडएन 7458) 26150 रुपये नकद व दो मोबाइल जब्त किए। 9 ग्राम वजनी सोने की नथ की कीमत करीब 1 लाख 30 हजार रुपये है।
शराब लेने पहुंचे और पकड़ में आ गए
- शिवगढ़ के ग्राम डूंगरा पुंजा निवासी वज्जाबाई अपने पत्नी जगदीश मईड़ा व दो वर्षीय बेटे के साथ बड़नगर मजदूरी पर गए थे।
- बड़नगर से गांव लौटने के लिए बाजना बस स्टैंड पर बस का इंतजार कर रहे थे।
- तभी बाइक पर आए दोनों बदमाशों ने उन्हें डराया और उसकी पत्नी की नाक से नथ छीनकर फरार हो गए।
- जगदीश ने शोर मचाकर पीछा भी किया। पुलिस ने तुरंत सीसीटीवी चेक किए और आरोपितों की लोकेशन ट्रेस कर ली। आखरी बार आरोपित रावटी की शराब दुकान पर कैद हुए।
- बस पुलिस ने वहीं आसपास इनकी तलाश की और दोनों पकड़े गए।
- आरोपितों से पूछताछ के दौरान मोबाइल में रावटी की लूट के भी साक्ष्य मिल गए।
- घटना में जिन घरों व दुकानों के सीसीटीवी कैमरों से सहायता मिली है।
- उन्हें लगवाने वालो को एसपी अमित कुमार द्वारा सम्मानित किया जाएगा।
