बैंक खाता खुलवाने के नाम पर एक महिला के साथ धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पुलिस आरोपित एक्सिस बैंक की नेपियर टाउन शाखा में कार्यरत तिलहरी के साकार न …और पढ़ें

HighLights
- बैंक खाता खुला, क्रेडिट कार्ड से भुगतान भी हो गया
- धारक को पता ही नहीं, महिला कर्मी पर एफआईआर
- नेपियर टाउन स्थित एक्सिस बैंक की शाखा में धोखाधड़ी
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। बैंक खाता खुलवाने के नाम पर एक महिला के साथ धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पुलिस आरोपित एक्सिस बैंक की नेपियर टाउन शाखा में कार्यरत तिलहरी के साकार नगर कालोनी निवासी मोनाली सिंह के विरुद्ध धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
खाता खुलवाने के बहाने लिए दस्तावेज
पुलिस के अनुसार, तिलहरी के साकार नगर कालोनी निवासी पूनम तिवारी के पड़ोस में एक्सिस बैंक में कार्यरत मोनाली सिंह रहती हैं। मोनाली कुछ माह पहले उनके घर आईं और बैंक खाता खुलवाने के लिए आधार कार्ड, पैन कार्ड और फोटो सहित अन्य दस्तावेज लिए। इसके बाद उन्हें खाते से संबंधित कोई दस्तावेज या जानकारी नहीं दी गई।
रिकवरी एजेंट के आने पर हुआ खुलासा
दो मई को एक्सिस बैंक की रिकवरी एजेंट उनके घर पहुंची। उनके नाम पर जारी क्रेडिट कार्डों के बकाया भुगतान की मांग की, तब उन्हें पहली बार अपने नाम से खुले खातों और क्रेडिट कार्ड की जानकारी मिली।
पौने तीन लाख रुपये से ज्यादा की देनदारी
आरोपित बैंक कर्मी ने पूनम के दस्तावेजों से धोखाधड़ीपूर्ण लेन-देन किए, जिससे उन पर दो लाख 49 हजार 679 रुपये, 29 हजार 768 रुपये और चार हजार 651 रुपये की देनदारी निकली। पुलिस जांच में पाया गया कि समस्त वित्तीय लेन-देन पूनम की जानकारी के बिना हुए थे, जिससे उन्हें लगभग 84 हजार 100 रुपये की आर्थिक क्षति हुई। मामले में बैंक अधिकारियों की भूमिका भी संदिग्ध है, जिसकी जांच जारी है।
बैंक ने दबाया मामला, पुलिस तक पहुंची बात
बैंक रिकवरी एजेंट जाह्नवी चतुर्वेदी के वसूली के लिए पहुंचने पर हैरान पूनम तिवारी ने बैंक से मामले की शिकायत की। बैंक प्रबंधक को बताया कि उनकी जानकारी और अनुमति के बिना खाते में अनधिकृत लेन-देन किए गए और क्रेडिट कार्ड जारी कर उनका उपयोग किया गया। बैंक स्तर पर शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई, तब मामला पुलिस तक पहुंचा।
ओटीपी और पते के दुरुपयोग की आशंका
प्रारंभिक जांच में पाया गया कि खाता खोलने के नाम पर प्राप्त दस्तावेजों का उपयोग कर पूनम तिवारी के नाम से खाता खोला गया। खाते में पूनम (मकान नंबर छह, साकार नगर) के पते के साथ मोनाली सिंह (मकान नंबर 13, साकार नगर) का पता भी दर्ज था। इसके साथ ही खाते से जुड़े मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी भी उनके नहीं थे। आशंका है कि ओटीपी प्रमाणीकरण का दुरुपयोग कर सुनियोजित धोखाधड़ी की गई है।
