सूचना मिलने के बाद नगर निगम के फायर फाइटर्स और भेल की दमकल गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर करीब साढ़े पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सुबह छह बजे आग की लप …और पढ़ें

नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। गोविंदपुरा इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक लकड़ी के कारखाने में शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात करीब 12:30 बजे भीषण आग लग गई। कारखाने में भारी मात्रा में मौजूद लकड़ी, केमिकल और थिनर के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया।
सूचना मिलने के बाद नगर निगम के फायर फाइटर्स और भेल की दमकल गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर करीब साढ़े पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सुबह छह बजे आग की लपटों पर काबू पाया। हालांकि लकड़ी का कारखाना होने के कारण शनिवार दोपहर तक भी आग रुक-रुक कर सुलगती रही।
दीवार तोड़कर घुसे दमकलकर्मी
जानकारी के अनुसार हादसे की वजह शार्ट सर्किट को माना जा रहा है। आग की सूचना फायर कंट्रोल रूम को देर से करीब ढाई बजे मिली। जब तक दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे, आग पूरी तरह फैल चुकी थी। हालात इतने गंभीर थे कि फायर फाइटर्स को पानी की बौछार करने के लिए बिल्डिंग की दीवार तक तोड़नी पड़ी।
केमिकल और थिनर ने बढ़ाई मुश्किल
फायर प्रभारी सौरभ कुमार पटेल ने बताया कि इस कारखाने में बड़े पैमाने पर प्लाईवुड, दरवाजे और ब्लैक बोर्ड बनाए जाते थे। अंदर कई टन लकड़ी के साथ-साथ थिनर और केमिकल का भारी स्टाक था, जिसके चलते पानी डालने के बाद भी आग बार-बार भड़क रही थी। घटना स्थल पर 10 फायर फाइटर, 6 पानी के टैंकर और भेल की दमकलों ने मिलकर काबू पाया। एहतियात के तौर पर शनिवार देर रात तक भी वहां एक दमकल गाड़ी तैनात रखी गई है।
