पुलिस के अनुसार कंचनपुर निवासी रज्जू कोरी (37) पत्नी आरती कोरी के साथ रेलवे प्लेटफार्म नंबर-1 के बाहर सर्किट हाउस के सामने खाने का ठेला लगाता था। …और पढ़ें

HighLights
- सिविल लाइंस थाना पुलिस ने दर्ज किया हत्या का मामला
- दुकान बंद करके आरती घर चली गई, रज्जू वहीं रुक गया
- अंतिम बार किसके साथ देखा गया इसकी जांच में जुटी पुलिस
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। मुख्य रेलवे स्टेशन के पास खाने का ठेला लगाकर परिवार चलाने वाले युवक की हत्या कर दी गई। उसका शव सोमवार को बर्न कम्पनी के पास एक चबूतरे पर मिला। सूचना मिलने पर सिविल लाइन पुलिस स्टेशन मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। देर शाम शार्ट पीएम रिपोर्ट मिलने के बाद पुलिस ने हत्या का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सर्किट हाउस के सामने खाने का ठेला लगाता था
पुलिस के अनुसार कंचनपुर निवासी रज्जू कोरी (37) पत्नी आरती कोरी के साथ रेलवे प्लेटफार्म नंबर-1 के बाहर सर्किट हाउस के सामने खाने का ठेला लगाता था। 22 मई की रात रोजाना की तरह दुकान बंद करने के बाद आरती घर चली गई, जबकि रज्जू वहीं रुक गया।
आरती जब दुकान पहुंची तो रज्जू वहां नहीं मिला
अगले दिन 23 मई को आरती जब दुकान पहुंची तो रज्जू वहां नहीं मिला। उसने आसपास और परिचितों के बीच उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसी बीच सोमवार को उसे सूचना मिली कि बर्न कम्पनी के पास एक चबूतरे पर उसके पति का शव पड़ा हुआ है।
आशंका जताई है कि रज्जू के साथ मारपीट की गई
सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंची। तब तक पुलिस भी वहां पहुंच चुकी थी। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने आशंका जताई है कि रज्जू के साथ मारपीट की गई और बाद में उसकी हत्या कर दी गई।
अंतिम बार किसके साथ था, पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि रज्जू को आखिरी बार किसके साथ देखा गया था। इसके साथ ही उसकी किसी से रंजिश या विवाद की जानकारी भी जुटाई जा रही है। मामले की जांच के लिए पुलिस की एक टीम आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है।
