विवाद बढ़ता देख आरटीओ के कर्मचारी व अधिकारी मौके से दूर सुरक्षित स्थान में चले गए। घटना के दौरान कुरई पुलिस ने बादलपार में फ्लैग मार्च निकाला था। …और पढ़ें

HighLights
- आरटीओ लिखे एक वाहन को पलटा कर इसमें जमकर तोड़फोड़ भी कर दी।
- चेकिंग के दौरान धूप और गर्मी से पास बनी एक कच्ची झोपड़ी में आग लगा दी।
- इस घटना के कुछ वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
सिवनी। जिले के कुरई थाना के मेटेवानी चेकपोस्ट में मंगलवार रात एक ट्रक ड्राइवर से कथित मारपीट के बाद वाहन चालकों ने उत्पात मचा दिया। अधिकारियों के अनुसार घटना मेटेवानी आरटीओ चेकपोस्ट के पास घटित हुई। विवाद तब शुरू हुआ जब यहां चेकिंग में कर्मियों ने एक ड्राइवर के साथ कथित तौर पर मारपीट कर दी। घटना के बाद लगभग 100 से अधिक ड्राइवरों की भीड़ वहां जमा हो गई।
आक्रोशित ड्राइवरों ने केवल चेकिंग पाइंट पर खड़े आरटीओ लिखे एक वाहन को पलटा कर इसमें जमकर तोड़फोड़ की। चेकिंग के दौरान धूप और गर्मी से पास बनी एक कच्ची झोपड़ी में आग लगा दी। इस घटना के कुछ वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
विवाद बढ़ता देख आरटीओ के कर्मचारी व अधिकारी मौके से दूर सुरक्षित स्थान में चले गए। घटना के दौरान कुरई पुलिस ने बादलपार में फ्लैग मार्च निकाला था। ड्राइवर के साथ हुई मारपीट की सूचना मिलते ही पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे और पीड़ित ड्राइवर से शिकायत दर्ज कराने की बात कही। लेकिन ड्राइवर शिकायत दर्ज कराने कुरई थाने पहुंचने की बजाए अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गया।
इस हंगामे के कारण नेशनल हाईवे 44 में लगभग 15 मिनट तक यातायात बाधित रहा। इसके बाद सभी वाहन वहां से सुचारू रूप से निकल गए।
बाद में स्थिति पूरी तरह सामान्य हो गई। आरटीओ, तहसीलदार सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंच गए और पूरे घटनाक्रम में जो भी जिम्मेदार है उस पर उचित कार्रवाई का क्षेत्र वासियों को आश्वासन दिया।
आरटीओ अधिकारी देवेश बाथम ने बताया कि वे स्वयं मौके पर मौजूद है, मामले में जो भी दोषी होगा उस पर उचित कार्रवाई की जाएगी। कुरई थाना प्रभारी कृपाल सिंह तेकाम ने बताया कि मामले में पीड़ित की तलाश कर वास्तविक घटनाक्रम का पता लगाया जा रहा है।
