मध्य प्रदेश पुलिस को अगले माह तक लगभग 6500 नए आरक्षक मिल जाएंगे। आवंटित जिलों में इनकी ज्वॉइनिंग प्रारंभ हो गई है। इसके पहले चरित्र सत्यापन और मेडिकल …और पढ़ें

HighLights
- पिछले साल सामने आए थे साल्वर गैंग के कारनामे, दर्ज हुई थीं 50 FIR
- पुलिस में इस बार फिंगरप्रिंट और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन बेहद सख्त
- एमपी पुलिस में 25 हजार पद खाली, सुरक्षा और वीकली ऑफ का संकट
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। मध्य प्रदेश पुलिस को अगले माह तक लगभग 6500 नए आरक्षक मिल जाएंगे। आवंटित जिलों में इनकी ज्वॉइनिंग प्रारंभ हो गई है। इसके पहले चरित्र सत्यापन और मेडिकल परीक्षण भी कराया जा रहा है।
पिछले वर्ष पकड़े गए थे ‘साल्वर’
चरित्र सत्यापन में देखा जा रहा है कि गंभीर धाराओं के अंतर्गत अभ्यर्थी के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध तो नहीं है। इसके साथ ही आधार नंबर से सत्यापन भी किया जा रहा है कि जो व्यक्ति लिखित और शारीरिक दक्षता परीक्षा में सम्मिलित हुआ था वही है या नहीं।
उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष 2025 में 2023 बैच के पुलिसकर्मियों के चरित्र सत्यापन के दौरान सामने आया कि उन्होंने साल्वरों को बैठाकर परीक्षा दिलाई थी। इन मामलों में अभी तक लगभग 50 एफआईआर दर्ज की जा चुकी हैं। इसी कारण इस बार आधार सत्यापन गंभीरता से किया जा रहा है।
एक लाख 16 हजार पदों में से 25 हजार रिक्त
बता दें कि मध्य प्रदेश पुलिस में आरक्षक से लेकर एएसपी स्तर के एक लाख 26 हजार पद हैं, जिनमें 25 हजार के करीब रिक्त हैं। इस कारण कानून-व्यवस्था से जुड़े कामों में सुरक्षा व प्रबंध को लेकर दिक्कत आती है। दूसरा यह कि तीन मुख्यमंत्रियों की घोषणा के बाद भी पुलिसकर्मियों में अवकाश नहीं मिल पा रहा है।
पुलिस मुख्यालय के अधिकारियों ने बताया कि चयनित पुलिसकर्मियों को कई बार उससे अच्छी जगह नौकरी मिल जाती है, जिससे वे ज्वाइन नहीं करते हैं। इस कारण अभी कहा नहीं जा सकता है, सभी ज्वाइन करेंगे या नहीं।
यह भी पढ़ें- 5 दिन तक बेटे के शव के साथ रही बुजुर्ग मां, बाइबल पढ़कर जिंदा करने की कर रही थी कोशिश, बदबू फैली तब लगी खबर
ओबीसी आरक्षण विवाद के कारण 13 प्रतिशत पदों पर रुकी नियुक्ति
उल्लेखनीय है कि पुलिस आरक्षक भर्ती परीक्षा (2025) कुल 7,500 पदों के लिए हुई थी, जिसमें 6,525 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया था। ओबीसी आरक्षण से जुड़ा मामला न्यायालय में विचाराधीन होने के कारण 13 प्रतिशत पदों पर नियुक्ति को फिलहाल रोका गया है।
