आगामी तीन दिनों तक हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। हालांकि दक्षिण-पश्चिम मानसून को देखते हुए ये संभावना भी जताई जा रही है कि आगामी तीन दिनों के बाद मौसम …और पढ़ें

HighLights
- चिलचिलाती धूप और लू करती रही बेहाल
- दिन के साथ ही रात में भी गर्माहट रही
- 23 मई तक तेज गर्मी पड़ने की संभावना
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। जबलपुर व आसपास के जिलों में इन दिनों भीषण गर्मी और लू का प्रकोप जारी है। चिलचिलाती धूप और लू से लोग बेहाल है। दोपहर होते ही सड़कों पर सन्नाटा पसरने लगा है। मौसम के मिजाज को देखते हुए अभी गर्मी से राहत की उम्मीद कम हैं।
वातावरण में घुली गर्माहट
गुरुवार को भी गर्मी से लोग परेशान रहे। अधिकतम तापमान दो डिग्री कम होकर 43.8 डिग्री सेल्सियस रहा पर वातावरण में घुली गर्माहट से 44 डिग्री का अहसास होता रहा। दिन के साथ ही रात में भी गर्माहट रही। लोग पसीना से तरबतर होते रहे।
छा सकते हैं हल्के बादल
क्षेत्रीय मौसम विभाग के अनुसार 23 मई तक तेज गर्मी पड़ने की संभावना है। जबलपुर सहित कटनी, छिंदवाड़ा, बालाघाट, सिवनी, मंडला, डिंडौरी सहित अन्य जिलाें में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस आस-पास बना रहेगा। इसके बाद जरूर हवा में नमी से तापमान में गिरावट आएगी और गर्मी का असर कुछ कम हो जाएगा। इस दौरान तेज हवा के साथ ही बादल भी छा सकते हैं।
आगे बढ़ रहा दक्षिण पश्चिम मानसून
इधर दक्षिण पश्चिम मानसून आगे बढ़ रहा हे। मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पूर्वी अरब सागर, कोमोरिन क्षेत्र, दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के कुछ और हिस्सों, अंडमान सागर के शेष हिस्सों और पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी की तरफ दक्षिण-पश्चिम मानसून के और आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं। पश्चिमी विक्षोभ पछुआ हवाओं में एक ट्रफ के रूप में सक्रिय है, टूफ अब पूर्वी उत्तर प्रदेश से लेकर झारखंड, उत्तरी छत्तीसगढ़ और आंतरिक ओडिशा होते हुए दक्षिण तटीय ओडिशा विस्तृत है। इसके प्रभाव से आगामी दिनों में मौसम आंशिक रूप से बदल सकता है।
