ग्वालियर तिघरा बांघ: जलसंसाधन विभाग के अधिकारियों के अनुसार अभी भी अप स्ट्रीम के बांधों से पानी की आवक बनी हुई है। ऐसे में संभावना है कि रविवार को बां…और पढ़ें

HighLights
- अब बांध सिर्फ 5.60 फीट खाली, रविवार को 735 फीट तक पहुंचने की संभावना
- अप स्ट्रीम के अपर ककैटो, ककैटो और पेहसारी बांध फुल होने का मिल रहा लाभ
- तिघरा बांध में अब 338 दिनों की आपूर्ति का पानी मौजूद
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। जल संकट की दहलीज पर बैठे ग्वालियर शहर को शनिवार को एक GOOD NEWS मिली। अपर ककैटो, ककैटो, पेहसारी के साथ ही घाटीगांव स्थित कैचमेंट एरिया में हुई वर्षा के चलते तिघरा बांध में पानी की आवक तेज हुई और सिर्फ 24 घंटों के अंदर बांध का जल स्तर 3.3 फीट बढ़कर 733.40 फीट पर पहुंच गया। शुक्रवार की शाम तक बांध का जल स्तर 730.10 फीट पर था। 24 घंटे के अंदर बांध में लगभग 80 दिन की आपूर्ति लायक पानी आ चुका है और कुल जल संग्रहण क्षमता में वृद्धि के साथ ही एक दिन छोड़कर आपूर्ति के लिए अगले साल तक का पानी उपलब्ध होने की उम्मीद मजबूत हो गई है।
जलसंसाधन विभाग के अधिकारियों के अनुसार अभी भी अप स्ट्रीम के बांधों से पानी की आवक बनी हुई है। ऐसे में संभावना है कि रविवार को बांध का जल स्तर 735 फीट के पार पहुंच जाए।
झमाझम बारिश से बांधों की तस्वीर बदली
अंचल में लगातार हो रही झमाझम वर्षा ने बांधों की तस्वीर बदल दी है। बीते 24 घंटे में हुई तेज वर्षा से अपर ककैटो, ककैटो और पेहसारी बांध लबालब भरकर ओवरफ्लो हो गए। हालात को देखते हुए तीनों बांधों से लगातार पानी छोड़ा गया। जल संसाधन विभाग ने बांधों के जल स्तर पर निगरानी बढ़ाते हुए पानी की निकासी और लेवल मेंटेन करने की प्रक्रिया शुरू की।
शनिवार की रात साढ़े आठ बजे तक अपर ककैटो के चार गेट खोलकर पानी ककैटो बांध की ओर छोड़ा गया। साढ़े आठ बजे के बाद गेट बंद कर दिए गए। इसके अलावा पेहसारी बांध के वेस्ट वियर से भी पानी छोड़ा गया। इसके चलते शनिवार रात आठ बजे तक तिघरा बांध का जल स्तर 3.3 फीट बढ़कर 733.40 फीट पर पहुंच गया।
ग्वालियर के 16 लाख लोग की हर रोज बुझाता है तिघरा प्यास
बता दें कि तिघरा से शहर के करीब 16 लाख लोगों को प्रतिदिन पेयजल सप्लाइ किया जाता है। इसके लिए रोजाना बांध से 8.57 एमसीएफटी पानी लिया जा रहा है। वर्तमान में तिघरा 66.15 प्रतिशत भरा हुआ है। 24 घंटे में तिघरा में 656.56 एमसीएफटी पानी बढ़ा है। शहर में अभी एक दिन छोडकर आपूर्ति को देखते हुए तिघरा में करीब 80 दिनों का पानी पहुंच चुका है। तिघरा 739 फीट भरा जाता है और अभी तिघरा में 733.40 फीट पानी आ चुका है। ऐसे में बांध सिर्फ 5.60 फीट ही खाली है। बांध में कुल 2902.66 एमसीएफटी पानी है, जो वर्तमान आपूर्ति के लिहाज से 338 दिनों के लिए पर्याप्त है।
तिघरा फुल होने की इसलिए जागी है उम्मीद
कैचमेंट एरिया के अलावा तिघरा बांध तक पानी पहुंचाने वाले अपर ककैटो, ककैटो और पेहसारी बांध ओवरफ्लो हो रहे हैं। अपर ककैटो की अधिकतम जलभराव सीमा 370 मीटर है। ककैटो बांध भी 342.74 मीटर भरा जाता है। पेहसारी भी ओवरफ्लो हो रहा है। इन तीनों बांधों से छोड़ा जाने वाला पानी नहर के माध्यम से तिघरा बांध में ही पहुंचता है। सितंबर माह तक मानसून का सीजन माना जाता है। ऐसे में आने वाले दिनों में वर्षा होने की संभावना बनी हुई है। इसके चलते बांधों में पानी की आवक बनी रहेगी। यही कारण है कि इस साल भी तिघरा बांध के फुल होने की उम्मीद जगी हुई है। यदि तिघरा के कैचमेंट एरिया में वर्षा नहीं भी होती है, तो भी इन बांधों के फुल होने पर तिघरा में पानी की आवक बनी रहेगी।
आंकड़ों में जाने तिघरा बांध
- 742 फीट है तिघरा बांध की कुल जल संग्रहण क्षमता
- 739 फीट तक ही भरा जाता है तिघरा बांध को
- 733.40 फीट है वर्तमान में तिघरा का जल स्तर
- 2902 एमसीएफटी पानी है बांध में मौजूद
- 338 दिनों की आपूर्ति हो सकती है शहर में
- 735 फीट से अधिक जल स्तर रविवार को होने का अनुमान
