भैरूघाटा के पास सड़क किनारे 10 से 12 लोग मौजूद थे, अचानक से उन्होंने बाइक सवार युवकों पर पथराव शुरू कर दिया।

HighLights
- जानकारी के मुताबिक तीनों बाइक से दैलतपुरा गए थे
- इसके बाद वे तीनों बाइक से वापस घर लौट रहे थे
- पुलिस वारदात के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है
नईदुनिया न्यूज, सैलाना (रतलाम)। सैलाना थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात भैरूघाटा के पास तीन युवकों पर अज्ञात लोगों ने हमला कर दिया। हमले में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और अज्ञात आरोपितों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
जानकारी के अनुसार 18 वर्षीय रमेश पुत्र वरसिंह भाभर निवासी धबाईखेड़ी (अडवानिया), गोपाल पुत्र गोवर्धन चरपोटा और करण पुत्र मनसुख मेड़ा तीनों बाइक से दैलतपुरा गए थे। घायल करण के अनुसार वे रमेश की मंगेतर से मिलने के लिए दैलतपुरा गए थे। मुलाकात के बाद तीनों बाइक से वापस घर लौट रहे थे।
भैरूघाटा के पास सड़क किनारे करीब 10 से 12 लोग मौजूद थे। उन्होंने अचानक तीनों युवकों पर पथराव शुरू कर दिया। युवकों ने बाइक की रफ्तार बढ़ाकर वहां से निकलने का प्रयास किया, लेकिन कुछ दूरी आगे हमलावरों ने उन्हें रोक लिया। इसके बाद आरोपितों ने पत्थरों और लाठियों से तीनों पर हमला कर दिया।
एक ने रास्ते में दम तोड़ दिया
हमले में तीनों घायल हो गए। करण किसी तरह वहां से निकलकर कुछ दूरी पर पहुंचा और डायल-112 पर पुलिस को घटना की सूचना दी। डायल-112 की मदद से घायल युवकों को सैलाना लाया जा रहा था। इसी दौरान रमेश ने रास्ते में दम तोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल गोपाल को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी भी मौत हो गई। करण का उपचार जारी है।
