दतिया के इंदरगढ़ SC बालक छात्रावास में निरीक्षण के दौरान छात्र नदारद मिले, पलंग पर अधीक्षक का कुत्ता बंधा था, रसोई में कीड़े और सड़ी सब्जियां मिलीं।

HighLights
- इंदरगढ़ के 80 सीटर छात्रावास में एक भी छात्र नहीं मिला।
- छात्र के पलंग पर अधीक्षक का विदेशी नस्ल का कुत्ता बंधा था।
- रसोई में आटे की बोरियों में कीड़े रेंगते हुए मिले।
नईदुनिया प्रतिनिधि, दतिया। दतिया जिले के इंदरगढ़ स्थित 80 सीटर शासकीय अनुसूचित जाति (एससी) बालक छात्रावास में भारी अव्यवस्थाओं और भ्रष्टाचार का मामला सामने आया है।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के धरने के बाद जब प्रशासन ने औचक निरीक्षण किया, तो छात्रावास में एक भी छात्र नहीं मिला, बल्कि छात्र के पलंग पर अधीक्षक का कुत्ता बंधा हुआ पाया गया। रसोई के हालात इतने बदतर मिले कि मजबूरन छात्रों को बाहर किराए के कमरों में रहना पड़ रहा है।
छात्र नदारद, पलंग पर बंधा था विदेशी नस्ल का कुत्ता
- एबीवीपी के प्रदर्शन के बाद इंदरगढ़ तहसीलदार दीपक यादव टीम के साथ अचानक छात्रावास का निरीक्षण करने पहुंचे। शुरुआत में ही मुख्य गेट पर ताला लगा मिला। टीम जब किसी तरह अंदर दाखिल हुई तो पूरा परिसर सूना था और 80 सीटर हॉस्टल में एक भी छात्र मौजूद नहीं था।
आटे में बिलबिला रहे कीड़े, रसोई में जाना भी मुश्किल
- हॉस्टल की रसोई का हाल बेहद घिनौना था। वहां रखी आटे की बोरियों में साफ तौर पर कीड़े रेंगते हुए दिखाई दिए। सड़ी हुई सब्जियों के कारण इतनी भयानक बदबू आ रही थी कि किचन के अंदर खड़े रहना भी मुहाल था।
कलेक्टर को भेजी गई जांच रिपोर्ट
- निरीक्षण के दौरान छात्रावास अधीक्षक डॉ. डीआर राहुल मौके से गायब रहे। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों के फोन का भी कोई जवाब नहीं दिया।
- तहसीलदार दीपक यादव ने स्पष्ट किया कि निरीक्षण में बहुत ज्यादा खामियां और अनियमितताएं पाई गई हैं। इसके अलावा छात्रों ने भी अधीक्षक के व्यवहार को लेकर नकारात्मक बातें बताई हैं। इस पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट कार्रवाई के लिए कलेक्टर को भेज दी गई है।
