जबलपुर मुख्यपीठ के साथ इंदौर और ग्वालियर खंडपीठों को एकीकृत डिजिटल व्यवस्था से जोड़ने का लाभ सीधे आम नागरिकों, अधिवक्ताओं और पक्षकारों को मिल रहा है।

HighLights
- अब हर बार कोर्ट परिसर पहुंचने की जरूरत नहीं
- केस की स्थिति से आदेश की प्रति तक ऑनलाइन
- ई-सेवा केंद्रों पर भी मिल रही डिजिटल मदद
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। अदालत की तारीख जानने, केस की स्थिति पता करने या आदेश की प्रति लेने के लिए अब हर बार कोर्ट परिसर पहुंचने की जरूरत नहीं है। मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने न्याय प्रक्रिया को आसान, पारदर्शी और तकनीक-युक्त बनाने की दिशा में कई डिजिटल नवाचार किए हैं।
घर बैठे अपने प्रकरण की स्थिति देख सकते हैं
ई-कोर्ट सेवाओं के माध्यम से पक्षकार घर बैठे अपने प्रकरण की स्थिति देख सकते हैं। जबलपुर मुख्यपीठ के साथ इंदौर और ग्वालियर खंडपीठों को एकीकृत डिजिटल व्यवस्था से जोड़ने का लाभ सीधे आम नागरिकों, अधिवक्ताओं और पक्षकारों को मिल रहा है।
ई-सेवा केंद्र डिजिटल न्याय व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा
आदेश और निर्णयों की प्रतियां भी आनलाइन उपलब्ध कराई जा रही हैं। इससे कोर्ट आने-जाने में लगने वाला समय और खर्च दोनों कम हुए हैं। हाई कोर्ट और जिला न्यायालयों में स्थापित ई-सेवा केंद्र डिजिटल न्याय व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा बन गए हैं।
केंद्र अदालत और तकनीक के बीच सेतु
यहां अधिवक्ताओं और पक्षकारों को ई-फाइलिंग, दस्तावेज तैयार करने व विभिन्न आनलाइन न्यायिक सेवाओं के इस्तेमाल में सहायता मिलती है। डिजिटल तकनीक से अनजान लोगों के लिए ये केंद्र अदालत और तकनीक के बीच सेतु का काम कर रहे हैं।
